Last Updated:
Tonk Police Action: टोंक में डीएसटी और पुरानी टोंक थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक के मकान पर छापेमारी के दौरान सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने मौके से 1.30 लाख रुपये नकद, 26 मोबाइल, 14 कैलकुलेटर, एक टेबलेट और सात डायरियां बरामद की हैं. पुलिस ने 30 किलो अमोनियम नाइट्रेट, 184 जिलेटिन की छड़ें और 800 मीटर सेफ्टी फ्यूज वायर भी बरामद किया है. इसके अलावा करोड़ों रुपये के सट्टे के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड हाथ लगे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और मुख्य आरोपी फरार है.
टोंक में डीएसटी और पुरानी टोंक थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़
टोंक. जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. जिला विशेष टीम (DST) और पुरानी टोंक थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक के मकान पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं मौके से भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, विस्फोटक सामग्री और करोड़ों रुपये के सट्टे के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं.
पुलिस ने सात अरोपियों को किया गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सात आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए. इसके अलावा 26 मोबाइल फोन, 14 कैलकुलेटर, एक टेबलेट और हिसाब-किताब से संबंधित सात डायरियां भी जब्त की गईं. प्रारंभिक जांच में फोन-पे के माध्यम से करीब 6 लाख 41 हजार रुपये के लेनदेन के प्रमाण मिले हैं.
हिस्ट्रीशीटर के घर से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
जब्त की गई डायरियों और अन्य रिकॉर्ड की जांच में ऑनलाइन पर्ची सट्टे से जुड़े 6 करोड़ रुपये से अधिक के हिसाब-किताब का खुलासा हुआ है. इससे संकेत मिलते हैं कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और बड़े स्तर पर सट्टा कारोबार संचालित किया जा रहा था. पुलिस अब बरामद दस्तावेजों और डिजिटल डाटा का विश्लेषण कर पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है. इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक और बड़ा खुलासा हाथ लगा. हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक के घर की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई. पुलिस ने मौके से करीब 30 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, 184 जिलेटीन की छड़ें तथा लगभग 800 मीटर लंबाई के सेफ्टी फ्यूज वायर के तीन बंडल जब्त किए हैं.
जांच एजेंसियां भी पूछताछ और जांच में शामिल हो सकती है
इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने से सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं. प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि विस्फोटक सामग्री ब्लास्टिंग कार्यों में उपयोग के लिए एकत्र की गई थी, लेकिन इसके वास्तविक उद्देश्य और स्रोत की जांच की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य जांच एजेंसियां भी पूछताछ और जांच में शामिल हो सकती हैं. पुलिस ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है.
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से कर रही है पूछताछ
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ऑनलाइन सट्टे के कारोबार और बरामद विस्फोटक सामग्री के बीच कोई संबंध तो नहीं है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं. इस कार्रवाई को जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ हाल के समय की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है.
About the Author

दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें



