- Hindi News
- National
- Uddhav Thackeray Shiv Sena Crisis Update; Eknath Shinde UTB MP | Maharashtra Operation Tiger
नई दिल्ली/मुंबई10 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत, लोकसभा सांसद अरविंद सावंत और अनिल देसाई ने लोकसभा स्पीकर से संसद में मुलाकात की।
महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) के 9 में से 6 सांसदों ने बगावत कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, छह सांसदों ने बुधवार सुबह 9:30 बजे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को शिंदे गुट में विलय के लिए चिट्ठी भेजी। हालांकि, अभी स्पीकर या बागी गुट की तरफ इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
बागी सांसदों में नागेश पाटिल आष्टीकर और संजय दीना पाटिल शामिल हैं। संजय ने बुधवार सुबह ही पार्टी छोड़ने की खबरों को खारिज किया था। इस बीच दिल्ली में राज्यसभा सांसद संजय राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बागी सांसदों को गाली दी।
राउत ने कहा- ये साले #$% के। ये बेईमान लोग हैं। बेईमानी उनके खून में हैं। राउत ने बाद में सफाई देते हुए कहा- मराठी में ऐसे शब्द आम बोलचाल का हिस्सा हैं। शिवसेना में चार साल में यह दूसरी बड़ी टूट है। जून 2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में 39 विधायकों ने बगावत कर शिवसेना का अलग गुट बनाया था।

शिवसेना से पहले AAP-TMC के 27 सांसद बागी हुए
पिछले 3 महीने के दौरान विपक्षी गुट के 27 सांसदों ने अपनी पार्टी से बगावत करते हुए भाजपा या NDA को समर्थन दिया है। इनमें 7 AAP के राज्यसभा सांसद और 20 TMC के लोकसभा सांसद हैं।
शिवसेना (UBT) में टूट की अटकलों के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) चीफ और यूपी के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने वाली है और पार्टी के कई नेता BJP में शामिल होने के लिए तैयार हैं।
सपा चीफ अखिलेश यादव ने पार्टी में टूट की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि सपा मजबूत और एकजुट है। अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के अपने विधायक पाला बदलने वाले हैं।

उद्धव गुट में टूट से जुड़ी अपटेड्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए….
अपडेट्स
11:23 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
भाजपा के मंत्री बोले- उद्धव अपने सांसदों के जाने की वजह खुद तलाशें
महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शिवसेना (UBT) में टूट के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराने वाले आरोपों को खारिज किया।
उन्होंने कहा- उद्धव ठाकरे के सांसद कहां जाते हैं, इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। उद्धव ठाकरे को खुद सोचना चाहिए कि उनके सांसद और विधायक उन्हें छोड़कर क्यों जा रहे हैं।
बावनकुले ने कहा कि अगर सांसद एकनाथ शिंदे के साथ जा रहे हैं, तो यह शिंदे और उद्धव का आंतरिक मामला है। भाजपा या उसके किसी नेता का इससे कोई संबंध नहीं है।
संजय राउत के पैसों के लेन-देन वाले आरोपों पर उन्होंने कहा- यह मान लेना गलत है कि कोई सांसद या विधायक पैसे के लिए दल बदलता है।
11:10 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
राउत बोले- परिसीमन बिल गिरने के कारण ऐसी राजनीति आपत्तिजनक
संजय राउत ने लोकसभा में परिसीमन बिल गिरने के कारण भाजपा पर विपक्षी दलों को तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- अगर परिसीमन बिल पास नहीं हुआ तो क्या देश पर आसमान टूट पड़ेगा? सभी दलों की सहमति बनने के बाद इसे फिर लाया जा सकता था।
राउत ने कहा- बिल पारित नहीं होने के बाद भाजपा जिस तरह की राजनीतिक गतिविधियां कर रही है, वह बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष को कमजोर करने के लिए दल-बदल को बढ़ावा दे रही है।
11:03 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
6 सांसदों के गुट को दल-बदल कानून से मिल सकती है राहत
- लोकसभा में शिवसेना (UBT) के 9 सांसद हैं। दल-बदल कानून के तहत किसी दल में टूट के बाद अयोग्यता से बचने के लिए कम से कम दो-तिहाई सांसदों का साथ होना जरूरी है।
- यानी अगर 9 में से 6 सांसद एक साथ अलग होने का फैसला करते हैं, तो वे खुद को वैध गुट बताने का दावा कर सकते हैं।
- इसी वजह से 6 सांसदों के बगावत करने की खबर राजनीतिक और कानूनी, दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
- जानकारों के मुताबिक, सिर्फ अलग गुट बनाना ही काफी नहीं होगा।
- आगे चलकर इन सांसदों को किसी दूसरे दल में विलय की प्रक्रिया भी पूरी करनी पड़ सकती है, ताकि उनकी स्थिति कानूनी रूप से और मजबूत हो सके।
10:47 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
राउत बोले- सांसदों को ₹50-50 करोड़ ऑफर, चार्टर्ड से दिल्ली आए
राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया कि बागी सांसदों को 50-50 करोड़ रुपए ऑफर हुए हैं। राउत ने कहा- मेरे पास जानकारी है कि सांसदों को 15-15 करोड़ रुपए पहुंचाए गए हैं और उन्हें 3 चार्टर्ड विमानों से दिल्ली लाया गया है।
राउत की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवसेना (UBT) के 9 में से सिर्फ 3 सांसद, अनिल देसाई, राजाभाऊ वाजे और अरविंद सावंत मौजूद रहे। राउत ने कहा कि बाकी सांसदों को खुद सामने आकर अटकलों का खंडन करना चाहिए।
10:47 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
जगदंबिका पाल बोले- कोई सामान्य व्यक्ति भी राउत की तरह नहीं बोलता
बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने राउत की आलोचना की। पाल ने कहा- संजय राउत ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वैसी भाषा तो कोई सामान्य व्यक्ति भी नहीं बोलता। शायद यह उनकी हताशा है। उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसदों के NCPI में विलय के सवाल पर पाल ने कहा- इसका बीजेपी से कोई लेना-देना नहीं है। पश्चिम बंगाल में जिस तरह जनता ने तृणमूल कांग्रेस को हराया, वह जनता का फैसला था।
10:08 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
कांग्रेस बोली- शाह लोकसभा में अपनी बेइज्जती की भरपाई कर रहे
कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर विपक्षी दलों के सांसदों को भाजपा में शामिल कराने की कोशिश करने और भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने X पर कहा- शाह यह सब 17 अप्रैल, 2026 को लोकसभा में हुई अपनी बेइज्जती की भरपाई के लिए कर रहे हैं, जब वे परिसीमन विधेयकों को पास नहीं करवा पाए थे।
रमेश ने कहा- शाह के प्रलोभन ऐसे कई लोगों को आकर्षित कर रहे हैं, जो सिर्फ दो साल पहले मजबूत भाजपा-विरोधी एजेंडे पर चुने गए थे और अब भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
09:49 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
शिवसेना (UBT) की सांसदों को चेतावनी, बैठक में नहीं पहुंचे तो कार्रवाई होगी
शिवसेना (UBT) ने पार्टी के संसदीय दल की गुरुवार (18 जून) को होने वाली बैठक से पहले सांसदों को चेतावनी दी है।
- पार्टी ने कहा है कि बैठक में शामिल नहीं होने वाले सांसदों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
- राज्यसभा सांसद संजय राउत ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि संसदीय दल के नेता अरविंद सावंत ने सभी 10 सांसदों को सुबह 11 बजे होने वाली बैठक में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।
- राउत ने कहा कि सांसद शिवसेना (UBT) के चुनाव चिह्न और उद्धव ठाकरे के नाम पर चुने गए हैं। उन्हें पार्टी के साथ विश्वासघात करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बार लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसका जवाब मिलेगा।
09:37 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
राजभर के दावे पर अखिलेश यादव बोले- दाना और गाना, कब तक चलेगा ये अफसाना
उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बयान पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शायरी के अंदाज में जवाब दिया।
उन्होंने कहा, “दाना और गाना, कब तक चलेगा ये अफसाना।”
09:30 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
ओम प्रकाश राजभर का दावा- समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट हो सकती है
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट हो सकती है।
उन्होंने कहा- रामगोपाल यादव ने अमित शाह को पत्र लिखकर कहा था कि हम आपके साथ हैं। जितने विधायक चाहिए, उनकी सूची यहां है। आप उन्हें बुलाकर अपनी पार्टी में शामिल करा सकते हैं।
राजभर ने दावा किया कि यह पत्र रामगोपाल यादव ने अपने परिवार को बचाने के लिए लिखा था। उनका कहना है कि यह मामला CBI की खनन FIR से जुड़ा है।
09:05 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
उद्धव सांसदों को मनाने में जुटे, 18 जून को दिल्ली में बैठक बुलाई
उद्धव और अन्य पार्टी लीडर्स अपने सांसदों से लगातार संपर्क करने और उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। पार्टी ने गुरुवार को दिल्ली में संसदीय समिति की बैठक बुलाई है।
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, पार्टी ने सभी सांसदों को व्हिप जारी कर बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया है। जो सांसद बैठक में नहीं आएंगे, पार्टी उनके खिलाफ डिस्क्वालिफिकेशन की कार्रवाई कर सकती है।
08:59 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
शिवसेना (UBT) से पहले TMC और AAP के 27 सांसदों ने बगावत की

08:27 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
प्रियंका चतुर्वेदी बोलीं- गाली देना गलत लेकिन राउत की भावना को समझिए
शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने संजय राउत के बागी सांसदों को गाली देने का बचाव करते हुए कहा कि उनकी भावनाओं को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने नाम और चुनाव चिन्ह के लिए लंबी लड़ाई लड़ी, लेकिन वह एकनाथ शिंदे गुट को दे दिया गया और मामला अब भी सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।
चतुर्वेदी ने कहा कि अब पार्टी को कमजोर करने की एक और कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने सांसदों को नहीं, बल्कि उद्धव ठाकरे पर भरोसा करके वोट दिया था, इसलिए अगर किसी सांसद का पार्टी पर से विश्वास उठ गया है तो उसे पहले इस्तीफा देना चाहिए।
08:21 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
राउत बोले- पार्टी छोड़ने वाले सांसदों पर फूल नहीं बरसाए जा सकते
बागी सांसदों को गाली देने पर सफाई देते हुए शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि मराठी में ऐसे शब्द आम बोलचाल का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा- मुझे पता है कि कब कौन-सी भाषा का इस्तेमाल करना है। पार्टी छोड़ने वाले सांसदों ने 15 करोड़ रुपए लेकर दल बदला है, ऐसे लोगों के लिए फूल नहीं बरसाए जा सकते।
07:53 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
राउत बोले- स्पीकर ने संवैधानिक प्रावधानों को ध्यान में रखकर फैसले का भरोसा दिया
शिवसेना (UBT) सांसद सांसद संजय राउत ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला से मुलाकात के बाद कहा कि स्पीकर ने भरोसा दिलाया है कि इस मामले में कानून, नियमों और संवैधानिक प्रावधानों को ध्यान में रखकर ही फैसला लिया जाएगा।
07:49 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
संजय दीना पाटिल बोले- मैं बागी लिस्ट में नहीं, UBT में ही रहूंगा
शिवसेना (UBT) सांसद संजय दीना पाटिल ने पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा- मेरा नाम किसी भी बागी सांसदों की लिस्ट में नहीं है। मैं उद्धव ठाकरे की पार्टी का सांसद हूं और इसी पार्टी में रहूंगा।
महाराष्ट्र की राजनीति में मौजूदा घटनाक्रम को ‘ऑपरेशन टाइगर’ नाम दिया गया है। अविभाजित शिवसेना (उद्धव+शिंदे गुट) का चुनाव चिह्न और प्रतीक ‘बाघ’ था, जिसे पार्टी संस्थापक बालासाहेब ठाकरे ने डिजाइन किया था।
07:14 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
अनिल देसाई बोले- सुप्रीम कोर्ट का SLP पर फैसला आता तो यह नौबत नहीं आती
दिल्ली में शिवसेना (UBT) सांसद अनिल देसाई ने कहा- अगर हमारी स्पेशल लीव पिटिशन (SLP) पर सुप्रीम कोर्ट फैसला दे देता, तो आज ये स्थिति पैदा नहीं होती। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को अरविंद सावंत के लिखे लेटर पर देसाई ने कहा- ये सभी प्रावधान संविधान और जनप्रतिनिधित्व कानून (Representation of the People Act) में मौजूद हैं। ये राजनीतिक दलों को सुरक्षा प्रदान करते हैं। अगर इनका उल्लंघन होता है, तो हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करेंगे।
07:05 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
UBT सांसद अरविंद सावंत और अनिल देसाई स्पीकर से मिलने संसद पहुंचे
07:04 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
अरविंद सावंत ने स्पीकर से बागी गुट को मान्यता न देने की मांग की
इस बीच UBT सांसद अरविंद सावंत ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर कहा है कि अलग होने वाले किसी भी संभावित गुट को पार्टी के प्रतिनिधि के रूप में मान्यता न दी जाए।
सावंत ने पत्र में कहा कि सदन में नेता, व्हिप और विधायी गतिविधियों से जुड़े अधिकार राजनीतिक दल से आते हैं, न कि केवल विधायक दल से। इसलिए पार्टी से अलग होकर कोई समूह खुद को अधिकृत प्रतिनिधि नहीं बता सकता।
07:04 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
राउत बोले- सांसदों ने 14 जून की बैठक में मां-बच्चों की कसम खाई
उद्धव ठाकरे ने 14 जून को लोकसभा सांसदों की बैठक बुलाई थी। इसमें 9 में से 4 सांसद व्यक्तिगत रूप से और 4 ऑनलाइन शामिल हुए थे। सांसद संजय देशमुख पारिवारिक कारणों का हवाला देकर बैठक में शामिल नहीं हुए थे।
उन्होंने 15 जून को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव से मुलाकात की थी। दोनों की मुलाकात पर राउत ने कहा कि पार्टी के सभी सांसद एकजुट हैं। राउत के मुताबिक, सांसदों ने अपनी मां, बच्चों, साईंबाबा और देवी तुलजाभवानी की शपथ लेकर कहा कि वे उद्धव ठाकरे का साथ नहीं छोड़ेंगे।
07:01 AM17 जून 2026
- कॉपी लिंक
4 साल पहले टूटी थी शिवसेना, शिंदे गुट को असली शिवसेना का दर्जा मिला
महाराष्ट्र में मौजूदा राजनीतिक संकट के बीच 2022 की शिवसेना बगावत की याद फिर ताजा हो गई है। उस समय भी उद्धव ठाकरे गुट ने विधायकों को व्हिप जारी किया था, लेकिन एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में 40 विधायक अलग हो गए थे।
20 जून 2022 को शिवसेना के 55 में से 39 विधायक शिंदे के साथ चले गए। उस समय उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे। बगावत के बाद राज्यपाल ने सरकार को फ्लोर टेस्ट कराने का निर्देश दिया। उद्धव ठाकरे ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोर्ट ने फ्लोर टेस्ट पर रोक नहीं लगाई।
इसके बाद उद्धव ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। 30 जून 2022 को शिंदे भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बने। इसके बाद दोनों गुटों ने एक-दूसरे के विधायकों को अयोग्य ठहराने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर कीं।
कोर्ट ने इस मामले पर फैसला विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर पर छोड़ दिया। 10 जनवरी 2024 को स्पीकर राहुल नार्वेकर ने फैसला सुनाते हुए कहा कि बगावत के समय शिंदे गुट के पास 39 विधायक थे, इसलिए वही शिवसेना का वास्तविक राजनीतिक दल माना जाएगा।
नार्वेकर ने दोनों पक्षों की अयोग्यता याचिकाएं खारिज कर दीं और किसी भी विधायक की सदस्यता रद्द नहीं की। इससे पहले चुनाव आयोग भी शिवसेना का चुनाव चिह्न धनुष-बाण और पार्टी का नाम शिंदे गुट को दे चुका था।




