Homeट्रैवलगर्मी से राहत और माता के दर्शन, अंबाला से कटरा-जम्मू की ओर...

गर्मी से राहत और माता के दर्शन, अंबाला से कटरा-जम्मू की ओर बढ़े कदम


अंबाला: तपती धूप, 40 डिग्री सेल्सियस से पार पहुंच चुका तापमान और गर्म हवाओं के थपेड़ों के बीच लोगों को अब सुकून की तलाश पहाड़ों और आस्था के द्वार तक ले जा रही है. हरियाणा के अंबाला से इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक श्री माता वैष्णो देवी दरबार कटरा और जम्मू की ओर रुख कर रहे हैं.

बता दें कि कोई माता के दरबार में हाजिरी लगाने की इच्छा लेकर निकल रहा है, तो कोई परिवार के साथ कुछ दिन ठंडी वादियों में सुकून के पल बिताने के लिए यात्रा पर जा रहा है. ऐसे में भीषण गर्मी के इस मौसम में अंबाला छावनी बस स्टैंड पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ इस बदलते रुझान की गवाही दे रही है. सुबह से लेकर देर रात तक कटरा और जम्मू जाने वाली बसों में यात्रियों की अच्छी खासी संख्या देखने को मिल रही है.

धार्मिक यात्रा के लिए जम्मू कश्मीर जा रहे लोग
स्कूलों की छुट्टियां शुरू होने के बाद से ही परिवार अपने बच्चों के साथ धार्मिक यात्रा को पर्यटन से जोड़ते हुए जम्मू-कश्मीर को प्राथमिकता दे रहे हैं. वहीं कटरा की पहाड़ियों की हरियाली, ठंडी हवाएं और माता वैष्णो देवी के दरबार की आस्था लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है.

श्री माता वैष्णो देवी दरबार की ओर अधिक यात्रा
वहीं इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला छावनी बस स्टैंड के स्टैंड इंचार्ज बहादुर सिंह ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में कटरा और जम्मू जाने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. उन्होंने बताया कि श्री माता वैष्णो देवी दरबार में दर्शन के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, जिसके चलते इस रूट पर हरियाणा रोडवेज की रोजाना 12 बसें नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं.

उन्होंने बताया कि ये बसें दिल्ली से चलकर अंबाला होते हुए लुधियाना, फगवाड़ा, जालंधर, पठानकोट और जम्मू के रास्ते कटरा पहुंचती हैं. वहीं अंबाला से कटरा तक का किराया 665 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि जम्मू तक का किराया लगभग 600 रुपये है. यात्रियों को टिकट के लिए किसी प्रकार की एडवांस बुकिंग की आवश्यकता नहीं होती और बस में बैठने के बाद कंडक्टर की ओर से टिकट जारी किया जाता है.

इतनी सीटों की व्यवस्था
बहादुर सिंह ने बताया कि प्रत्येक बस में 52 सीटों की व्यवस्था की गई है और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की सुविधा भी उपलब्ध है. जबकि वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को नियमानुसार किराए में विशेष छूट दी जाती है. गर्मी को देखते हुए यात्रियों के लिए बसों में पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है और लंबी दूरी की इस यात्रा के दौरान बसें प्रमुख स्टॉपेज पर 10 से 15 मिनट तक रुकती हैं, जबकि भोजन के लिए रास्ते में ढाबों पर भी ठहराव किया जाता है.

उन्होंने बताया कि अंबाला से कटरा और जम्मू के लिए सुबह 7:30 बजे से लेकर रात 9:45 बजे तक अलग-अलग समय पर बसें उपलब्ध हैं, जिसमें सुबह 7:30 बजे, 08:56 बजे, 09:30 बजे, 10:30 बजे, 11:00 बजे, दोपहर 14:00 बजे, शाम 04:00 बजे, 05:15 बजे, 06:15 बजे, 7:15 बजे, 08:00 बजे, 09:45 बजे तक उपलब्ध हैं.

इस मौसम में कटरा और जम्मू की ओर बढ़ता रुझान
बहादुर सिंह ने बताया कि कटरा से अंबाला के लिए भी नियमित अंतराल पर बसों का संचालन किया जा रहा है. गर्मी के इस मौसम में कटरा और जम्मू की ओर बढ़ता यह रुझान केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था और सुकून की तलाश का प्रतीक बन गया है. लोग अब छुट्टियों को सिर्फ घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि परिवार के साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन करने और प्रकृति की गोद में कुछ यादगार पल बिताने को प्राथमिकता दे रहे हैं. यही वजह है कि इन दिनों अंबाला से कटरा-जम्मू का सफर श्रद्धा, पर्यटन और पारिवारिक खुशियों का सुंदर संगम बनता नजर आ रहा है.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments