Last Updated:
Kakinada Engineer Family Tragedy: काकीनाडा में प्रताड़ना से तंग आकर पंचायत राज विभाग के सहायक इंजीनियर थिल्लापुड़ी नूकाराजू के परिवार ने गोदावरी नदी में छलांग लगा दी. हादसे में नूकाराजू की मौत हो गई जबकि 10 वर्षीय पोता कार्तिकेय तैरकर बच निकला. पुलिस को मिले नोट में शूटिंग कोच शेख सादिक खान पर ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप है. वहीं, सौजन्या के ससुर ने सादिक पर उसके पति की हत्या का भी मामला दर्ज कराया है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है.
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पंचायती राज विभाग के सहायक इंजीनियर के पूरे परिवार ने गोदावरी नदी में छलांग लगाकर सामूहिक रूप से अपनी जान देने का प्रयास किया. इस दर्दनाक हादसे में इंजीनियर थिल्लापुड़ी नूकाराजू (61) की मौत हो गई जबकि उनके 10 वर्षीय पोते कार्तिकेय को स्थानीय मछुआरों ने तैरते समय सुरक्षित बाहर निकाल लिया. पुलिस अब नूकाराजू की पत्नी मीना (58) और बेटी कोवूरी सौजन्या (38) के शवों की तलाश में जुटी हुई है.
शूटिंग कोच पर लगे गंभीर आरोप
इस पूरे मामले में उस समय नया और सनसनीखेज मोड़ आ गया जब पुलिस को घटना स्थल के पास खड़ी कार से नोट मिले. सौजन्या द्वारा लिखे गए पत्र में शूटिंग कोच शेख सादिक खान पर प्रताड़ना, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. सौजन्या ने आरोप लगाया कि सादिक खान ने उसकी संपत्ति, मोबाइल फोन और बैंक लॉकर की चाबियां और ब्योरा हासिल कर लिया था और लगातार पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था.
पिता का खत और व्हाट्सएप संदेश
इंजीनियर नूकाराजू ने भी यह कदम उठाने से पहले जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के नाम एक पत्र लिखा था, जिसे उन्होंने अपने सहकर्मियों और करीबियों के साथ व्हाट्सएप पर साझा किया. खत के अनुसार, सौजन्या के पति जगदीश रेड्डी की मौत के बाद सादिक खान ने मदद के बहाने परिवार के करीब आने की कोशिश की थी. जब परिवार ने उसकी आड़ में हो रही हरकतों को खारिज किया तो उसने धमकियां देना और पैसे-गहने ऐंठना शुरू कर दिया.
पति की हत्या का भी दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में दूसरा बड़ा मोड़ तब आया जब सौजन्या के ससुर भास्कर रेड्डी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे जगदीश रेड्डी की सामान्य मौत नहीं हुई थी बल्कि सादिक खान ने उन्हें जहरीला इंजेक्शन देकर मारा था. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने सादिक खान के खिलाफ हत्या का एक अलग मामला भी दर्ज कर लिया है.
10 साल के मासूम ने सुनाई आपबीती
नदी से सही-सलामत बचाए गए 10 वर्षीय पोते कार्तिकेय ने पुलिस को बताया कि सादिक खान अक्सर उनके घर आकर उसकी मां के साथ मारपीट करता था. घटना वाले दिन दादाजी के कहने पर मां ने उसका हाथ पकड़ा और पुल से नदी में कूद गईं. कार्तिकेय को तैरना आता था, जिसके कारण वह करीब 20 मिनट तक पानी में तैरता रहा और मदद के लिए आवाज लगाता रहा, जिसके बाद मछुआरों ने उसे बचा लिया. आरोपी सादिक खान फिलहाल फरार है और पुलिस की 10 टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं.
About the Author

पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
और पढ़ें



