Last Updated:
Ajmer News: केकड़ी की मास्टर कॉलोनी के पीछे स्थित एक सूने मकान को शनिवार को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया. परिवार के सामाजिक कार्यक्रम में गांव जाने के दौरान चोर ताले तोड़कर करीब ढाई लाख रुपए नकद सहित सोने-चांदी के लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर ले गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है.
अजमेर. केकड़ी की मास्टर कॉलोनी के पीछे स्थित एक कॉलोनी में शनिवार को अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. परिवार के सदस्य पैतृक गांव देवगांव में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी कर ली.
वारदात का पता उस समय चला, जब परिवार के सदस्य शनिवार शाम को देवगांव से वापस अपने मकान पर पहुंचे. मुख्य दरवाजे के ताले टूटे देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई. अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था. आलमारी और बक्सों के ताले भी टूटे हुए थे. सामान की जांच करने पर जेवरात और नकदी गायब मिली, इसके बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी
पीड़ित भगवान सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि चोर मकान से करीब दो तोला सोने की राखड़ी, दो तोला सोने का सीसफूल, आधा तोला मादलिया, एक तोला वजन की दो सोने की अंगूठियां चोरी कर ले गए. इसके अलावा करीब 200 ग्राम चांदी की दो जोड़ी पायजेब और करीब 30 ग्राम वजन की तीन जोड़ी चांदी की बिछिया भी चोरी हुई हैं. चोरों ने घर में रखी करीब ढाई लाख रुपए की नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया. चोरी हुए जेवरात और नकदी की कुल कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है.
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
चोरी की सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया. पुलिस ने मकान में चोरी से जुड़े साक्ष्यों की जांच की और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई. पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
सुनसान कॉलोनी का उठाया फायदा
जिस मकान में चोरी हुई, उसके आसपास कई अन्य मकान भी स्थित हैं. इसके बावजूद चोरों ने बेहद शातिराना तरीके से वारदात को अंजाम दिया और आसपास रहने वाले लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगने दी. बताया जा रहा है कि कॉलोनी में दिन के समय अपेक्षाकृत सन्नाटा रहता है. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने परिवार की गैरमौजूदगी में मकान को निशाना बनाया. पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके साथ ही पुलिस चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले संदिग्धों की गतिविधियों और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें



