Homeअपराधशराब में जहर दे 4 लोगों की हत्या में नया मोड़, महिला...

शराब में जहर दे 4 लोगों की हत्या में नया मोड़, महिला का अफेयर से इनकार; पुलिस पर मानहानि केस की चेतावनी, Bihar Hindi News


पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में 4 लोगों को शराब में जहर मिलाकर मारने के आरोपी की बहन ने लव अफेयर की बात से पूरी तरह इनकार किया है। महिला का आरोप है कि पुलिस ने उसके भाई को जबरन फंसाया है। महिला के मुताबिक जिस व्यक्ति से अफेयर की बात पुलिस कह रही है, वो उसका भतीजा था।

बिहार के पटना जिले के बाढ़ में कथित तौर पर शराब में जहर मिलाकर 4 लोगों की हत्या करने के मामले में नया मोड़ आया है। इस मामले में गिरफ्तार बेढ़ना गांव के मुख्य आरोपी लाली कुमार की बहन गुरुवार को पुलिस थाने पहुंच गई। उसने पुलिस जांच पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए प्रेम प्रसंग में चारों की हत्या किए जाने की बात को पूरी तरह खारिज कर दिया। महिला ने कहा कि उसका मृतक निशु से कोई अफेयर नहीं चल रहा था। वह उसका भतीजा था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने इस केस को जल्द रफा-दफा करने के चक्कर में जबरन उसके भाई को फंसाया है। उसने पुलिसकर्मियों पर मानहानि का केस करने चेतावनी भी दी।

बाढ़ थाने के बाहर मीडिया से बातचीत में महिला ने कहा कि उसके भाई लाली कुमार ने शराब में जहर नहीं मिलाया था। मेरा नाम लेकर जबरन उसे फंसाया जा रहा है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके भाई को पुलिस ने मारपीट कर जबरन हत्या की बात कबूल करवाई।

निशु मेरा भतीजा था, हमारा अफेयर नहीं, फोन चेक कर लो- महिला

लाली की बहन ने कहा कि जिस निशु से प्रेम प्रसंग की बात पुलिस कह रही है, वो उसका भतीजा लगता है। उनके रिश्ते को बदनाम किया जा रहा है। महिला का कहना है कि हम दोनों का मोबाइल फोन चेक कर लीजिए, कुछ नहीं मिलेगा। निशु की शादी को पांच साल हो गए थे। वह खुद भी शादीशुदा है। अगर उनके बीच प्रेम प्रसंग जैसा कुछ होता, तो गांव में हल्ला हो जाता।

महिला बोली- लाली को पीटकर जबरन बयान दिलवाया गया

महिला ने अपने भाई का बचाव करते हुए कहा कि घटना के दौरान लाली वहां पर गया था। उसने चारों लोगों को वहां पर बेसुध हालत में पड़े हुए देखा था। लाली ने उन्हें उठाया और पानी पिलाया। फिर हल्ला कर आसपड़ोस के लोगों को बुलाया और सभी को अस्पताल ले जाया गया। महिला का कहना है कि अगर लाली दोषी होता तो वह चारों को बचाने के लिए अस्पताल क्यों लेकर जाता।

30 अगस्त को हुई थी निशु और उसके दोस्तों की मौत

बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में बीते 30 अगस्त को शराब पार्टी के बाद गांव के निशु राज, शशि, विकास और पंकज नाम के चार लोगों की मौत हो गई थी। चारों आपस में दोस्त बताए जा रहे थे।

लाली और उसके साथियों पर हत्या का आरोप

पुलिस ने मंगलवार को इस मामले का पर्दाफाश करते हुए लाली कुमार और उसके साथी रुदल कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, एक नाबालिग को भी पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक एक अन्य आरोपी सन्नी कुमार फरार है।

एसआईटी ने की जांच

पटना के ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा था कि इस घटनाक्रम की जांच के लिए बाढ़-2 एसडीपीओ के नेतृत्व में 15 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस ने घटना के महज 48 घंटे में मामले को सुलझा लिया।

पुलिस बोली- बहन के अफेयर से नाराज लाली ने ही चारों को मारा

पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए कहा था कि बीते ढाई साल से निशु का लाली की बहन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। निशु की हरकतों से लाली परेशान था। समाज में बदनामी के डर से उसने निशु की हत्या की योजना बनाई। उसने अपने दोस्त से बाजार से जहर मंगवाया और शराब में मिलाकर उसे निशु एवं उसके दोस्तों को पिला दिया।

पुलिस का दावा- लाली ने कबूल किया अपराध

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी लाली ने खुद स्वीकार किया कि उसने ही शराब पार्टी आयोजित की थी और अपने दोस्तों से बाजार से जहर मंगवाया गया था। हालांकि, जहर किस दुकान से खरीदा गया था। यह अभी जांच का विषय है। हालांकि, अब लाली की बहन पुलिस के खुलासे को गलत बताते हुए गंभीर आरोप लगा रही है, जिससे मामले में ट्विस्ट आ गया है।



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments