Jolly Joseph Cyanide Murders Case: नाम- जॉली जोसेफ, जगह- केरल में कोझिकोड जिले का छोटा सा कस्बा कूडथाई, तारीख- 14 जुलाई, 1997. जब जॉली जोसेफ ने रॉय थॉमस से शादी की और उसके मां-बाप के बड़े से घर में दुल्हन बन कर आई तो वह दिन थॉमस परिवार के लिए खुशियों का था, लेकिन उन्हे क्या पता कि उनकी किस्मत में काली स्याही से कुछ और ही लिखा था. खुद को कोझिकोड NIT की प्रोफेसर बताने वाली जॉली हर रोज सुबह तैयार होकर कॉलेज जाती, चर्च जाती, हंसी-खुशी सब ठीक चल रहा था. लेकिन उसकी लाइफ के 22 साल के पन्नों में कुछ ऐसी चीजें दर्ज हुईं, जिसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया. पहले शादी, फिर 20 साल में 6 कत्ल, जिसकी वजह बनी लालच और ‘प्यार का साइनाइड’.
शादी के 5वें साल सास की मौत, और घर से रूठ गईं खुशियां
जॉली जोसेफ और रॉय थॉमस की शुरूआती जिंदगी एक आम जोड़े की तरह चल रहा थी, लेकिन शादी के 5वें साल यानि 2002 में जॉली की 57 साल की सास अन्नम्मा थॉमस की मौत हो गई. कहा गया कि उसे कोई रहस्यमयी बीमारी हुई, जो उसकी मौत का कारण बनी. ऐसी परिस्थितियों में अन्नम्मा थॉमस की बॉडी का पोस्टमार्टम नहीं हुआ. अन्नम्मा की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया, जैसे उनके साथ घर की रौनक और खुशियां भी चली गईं. घर में चारों ओर सन्नाटा पसरा रहता. समय बीतने के साथ जिदंगी सामान्य होने लगी, लेकिन पहले जैसी नहीं रही.
2008 का वो मनहूस दिन, जब ससुर की तड़पकर निकली जान
अन्नम्मा की मौत के 6 साल बाद एक बार फिर एक मनहूस घड़ी थॉमस परिवार का इंतजार कर रही थी. घर के अंदर से चिल्लाने की आवाजें आने लगीं. बहू जॉली पड़ोस के युवक को मदद की आवाज लगा रही थी. 66 साल के उसके ससुर टॉम थॉमस जमीन पर पीठ के बल गिरे पड़े थे, मुंह से झाग निकल रहा था, तड़प रहे थे. जैसे-तैसे उनको अस्पताल ले गए, लेकिन देर हो चुकी थी. डॉक्टर ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई. टॉम थॉमस ने अपनी वसीयत में सारी प्रॉपर्टी बहू और बेटे के नाम कर दी थी. लेकिन चौंकाने वाली बात यह थी कि टॉम थॉमस की मौत से पहले ही सारी प्रॉपर्टी बहू जॉली के नाम ट्रांसफर हो गई थी.
3 साल बाद उजड़ गया जॉली का सुहाग, लेकिन सामने आया मौत का सच
मां और पिता की मौत के बाद वह घर बस उनकी यादों वाला ही रह गया था. घड़ी की सुइयां तेजी से बढ़ती गईं और कैलेंडर साल दर साल बदलता रहा. सुसर की मौत के 3 साल बाद यानि 2011 में एक रोज रॉय थॉमस की भी मौत हो गई और तरीका भी कुछ पिता के जैसा ही था. जॉली ने फिर पड़ोसियों को मदद के लिए बुलाया. 40 साल का रॉय थॉमस बाथरूम की फर्श पर पड़ा था और मुंह से झाग निकल रहा था.
रॉय थॉमस के मामा मैथ्यू ने पोस्ट मार्टम कराने का फैसला लिया और अस्पताल ले गए. पोस्टमार्टम में चौंकाने वाली बात सामने आई. रॉय थॉमस की मौत का कारण साइनाइड निकला. पुलिस ने जांच की लेकिन इसे आत्महत्या बताकर केस को बंद कर दिया. लेकिन जॉली ने लोगों को बताया कि उसकी पति की मौत हार्ट अटैक से हुई है. सुहाग उजड़ गया, लेकिन जॉली सच की जगह कुछ और बता रही थी.
फिर 2014 में हुई चौथी और पांचवी मौत, वजह वही हार्ट अटैक
रॉय थॉमस की मौत के 3 साल बाद 2014 में उसके मामा मैथ्यू की भी मौत हो गई. कथिततौर पर जॉली ने उनकी मौत का कारण भी हार्ट अटैक बताया. उसी साल रॉय थॉमस के चचेरे भाई शाजू सखारियास की 2 साल की बेटी अल्पाइन की अकाल मृत्यु हो गई. कथिततौर पर नामकरण समारोह के दौरान गले में खाना फंसने से उसकी मौत हुई. ऐसा लग रहा था कि इस परिवार के इर्द-गिर्द मौत का ही पहरा बैठा है.
2016 में छठी मौत, 2017 में जॉली की दूसरी शादी
जॉली की लाइफ सामान्य रूप से चल रही थी, लेकिन 2 साल बाद अचानक शाजू सखारियास की पत्नी सिली की मौत हो गई. लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह हुई कि उसके अगले ही साल 2017 में जॉली ने शाजू सखारियास से शादी कर ली, जो रॉय थॉमस का चचेरा भाई है.
दूसरी शादी से पैदा हुआ शक, सामने आया 22 साल का सफेद झूठ
1997 से 2007 तक 20 साल में 6 मौतें हुईं. जॉली अपनी दूसरी शादी में व्यस्त थी, लेकिन उसके आसपास में लोगों को ये बात हजम नहीं हुई. लोगों को कुछ तो गलत होने का शक था. रॉय थॉमस के भाई रोजो थॉमस को अपने पिता की वसीयत के बदले जाने का अंदेशा लगा. उसने पता लगाया कि जॉली कोझिकोड NIT में प्रोफेसर नहीं है. उसे अपनी मां, पिता और भाई की मौत में एक बात कॉमन मिली, वो थी जॉली, जो तीनों मौत में मौजूद थी.
2019 में हुई जॉली की गिरफ्तारी, फिर खुला पूरा केस
रोजो थॉमस और उसकी बहन ने कोझिकोड पुलिस के क्राइम ब्रांच से पूरे मामले की जांच की गुजारिश की. पुलिस को पहली बार लगा कि इस केस में संभावित आपराधिक मामला बनता है. पुलिस जांच में जॉली के बयानों में भिन्नता थी. पुलिस ने जांच किया तो पता चला कि जॉली प्रोफेसर नहीं है, वो लोगों से झूठ बोलती है. पुलिस को दिए गए जॉली के बयानों और अन्य सबूतों में लगभग 50 गड़बड़ियां थीं.
जॉली ने कबूली 6 कत्ल की बात, सबको साइनाइड से मारा
तत्कालीन कोझिकोड जिला पुलिस अधीक्षक के.जी. साइमन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि प्रॉपर्टी के लिए जॉली ने परिवार के सभी छह सदस्यों की हत्या की बात कबूल ली थी. प्रॉपर्टी पर कब्जा करने और शाजू सखारियास से शादी के लिए उसने साइनाइड देकर 6 लोगों का कत्ल किया. उसने खाने की चीजों में साइनाइड मिलाकर 6 लोगों को मार डाला. इस खुलासे ने देशभर को हिला कर रख दिया.
कोर्ट में जारी है सुनवाई, फैसले का इंतजार
इस केस में गिरफ्तार जॉली जोसेफ कन्नूर महिला जेल में है, वहीं दूसरा आरोपी एम.एस. मैथ्यू न्यायिक हिरासत में है, जबकि तीसरा आरोपी प्राजीकुमार को जमानत मिल चुकी है. केस की सुनवाई स्पेशल कोर्ट में चल रही है और थॉमस परिवार को इंसाफ का इंतजार है.
नहीं रहेंगे सतर्क, तो हो सकते हैं जुर्म का शिकार…



