जयपुर. राजधानी जयपुर में एक ही परिवार की चार मौतों के सनसनीखेज मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे घटना की रात को लेकर कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं. पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक हत्या के पीछे शेयर बाजार में हुए भारी नुकसान और पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद को संभावित वजहों के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी एक कारण को अंतिम रूप से नहीं माना है. जांच टीम को दूसरी मंजिल स्थित राहुल और उसकी पत्नी गीता के कमरे में संघर्ष के संकेत भी मिले हैं. पुलिस को आशंका है कि रात में दोनों के बीच विवाद हुआ और मारपीट के दौरान राहुल ने गीता के सिर पर ईंट या पत्थर से वार किया.
इसके बाद उसने नीचे अलग-अलग कमरों में सो रही अपनी तीन बेटियों पर भी हमला किया. खास बात यह है कि घटना से कुछ समय पहले करीब रात 1:30 बजे गीता ने गुजरात स्थित अपने पीहर पक्ष के लोगों से फोन पर बातचीत की थी. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उस बातचीत में गीता ने क्या बताया था और क्या उसने विवाद शुरू होने से पहले या बाद में अपने परिवार को फोन किया था. वहीं, घटना के बाद राहुल के करीब 7 बजे दूध लेने और पिता के लिए चाय बनाने से लेकर घर से मोबाइल छोड़कर फरार होने तक की कड़ियां भी पुलिस की जांच के अहम बिंदु बनी हुई हैं.
रात डेढ़ बजे पीहर किया आखिरी फोन
पुलिस जांच में सामने आया है कि गीता ने रात करीब डेढ़ बजे गुजरात में रहने वाले अपने पीहर पक्ष से मोबाइल पर आखिरी बार बातचीत की थी. यह बातचीत अब जांच का अहम हिस्सा बन गई है. पुलिस पीहर पक्ष के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर सकती है कि गीता ने फोन पर क्या कहा था और बातचीत के दौरान वह किस स्थिति में थी. जांच अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि गीता ने झगड़े के बाद फोन किया था या विवाद से पहले. इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रात में राहुल से किसी अन्य व्यक्ति की बातचीत हुई थी या नहीं.
कमरे में संघर्ष, ईंट से वार की आशंका
घर के सामने वाले भूखंड में निर्माण कार्य चल रहा था. वहां सीमेंट की मोटी ईंटें रखी हुई थी. राहुल वहां से दो ईंटें उठाकर घर के अंदर लाया था. प्रारंभिक जांच में आशंका है कि इन्हीं ईंटों से परिवार के चारों सदस्यों के सिर पर वार किया गया. पुलिस को दूसरी मंजिल पर पति-पत्नी के कमरे में संघर्ष के संकेत मिले हैं. इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि पहले राहुल और गीता के बीच विवाद हुआ और संघर्ष के बाद गीता की हत्या की गई. इसके बाद ग्राउंड फ्लोर पर अलग-अलग कमरों में सो रही तीनों बेटियों पर हमला किए जाने की आशंका है.
वारदात के बाद कपड़े बदले, पिता को चाय पिलाई
वारदात के बाद राहुल ने अपने कपड़े बदले. सुबह करीब सात बजे उसने दूधवाले से दूध लिया और अपने पिता लक्ष्मीनाथ झा को चाय बनाकर पिलाई. इसके बाद वह अपना मोबाइल घर पर छोड़कर फरार हो गया. सुबह करीब नौ बजे तक जब बहू और पोतियां नहीं उठीं तो लक्ष्मीनाथ झा उन्हें देखने के लिए घर के अंदर गए. अलग-अलग कमरों में मां और बेटियों को खून से लथपथ देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
घर से राहुल का मोबाइल बरामद
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली. जांच के दौरान राहुल का मोबाइल पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस अब राहुल की तलाश में जुटी है. साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों, पड़ोसियों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस वारदात से पहले और बाद के घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है. गीता के पीहर में हुई आखिरी बातचीत भी जांच का अहम बिंदु बनी हुई है.
ब्यूटी पार्लर चलाती थी गीता
गीता घर पर ही ब्यूटी पार्लर चलाती थी. उसकी बड़ी बेटी नंदिनी निजी कॉलेज से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई करने के साथ मां के काम में हाथ बंटाती थी. दूसरी बेटी राधिका 12वीं कक्षा में पढ़ रही थी, जबकि तीसरी बेटी गिरिशा आठवीं कक्षा की छात्रा थी. एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से इलाके में भी सनसनी फैल गई है. पुलिस अब हत्या की वास्तविक वजह और वारदात की पूरी कड़ी स्पष्ट करने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.



