Homeअपराधआसान नहीं है हैरी बॉक्सर का USA से प्रत्यर्पण, भारत के सामने...

आसान नहीं है हैरी बॉक्सर का USA से प्रत्यर्पण, भारत के सामने कौन से हैं रोड़े, जो बढ़ा सकते है CBI की मुश्किलें


Last Updated:

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात शूटर हरिचंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर को अमेरिका से भारत लाने की राह आसान नहीं है. कैलिफोर्निया में अमेरिकी आईसीई ने उसे इमिग्रेशन वायलेशन के तहत हिरासत में लिया है. पहले अमेरिका में उसकी इमिग्रेशन कोर्ट की प्रक्रिया पूरी होगी. इसके बाद भारत को प्रत्यर्पण के लिए डोजियर भेजना होगा. इसमें राजस्थान, पंजाब, दिल्ली और मुंबई में दर्ज एफआईआर, चार्जशीट और फॉरेंसिक सबूत शामिल होंगे. आरोपी को अमेरिकी कोर्ट में अपील और राजनीतिक शरण का दावा करने का भी मौका मिल सकता है, जिससे प्रत्यर्पण में कई महीने लग सकते हैं.

Zoom

अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर हैरी बॉक्सर हिरासत में लिया है. (AI Image)

Crime News: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात शूटर हरिचंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर इन दिनों कैलिफोर्निया में अमेरिकन इमिग्रेशन एंड कस्टम्स इंफोर्समेंट (आईसीई) की हिरासत में है. वहीं भारत ने हैरी बॉक्‍सर को भारत लाने के लिए प्रत्‍यर्पण की कोशिशें तेज कर दी हैं. लेकिन सेंट्रल इंवेस्‍टिगेशन ब्‍यूरो (सीबीआई) के लिए हैरी बॉक्‍सर को भारत लाना आसान नही होगा. सीबीआई को इसके लिए लंबी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना होगा. इस पूरी प्रक्रिया में कई महीने लग सकते हैं.

सूत्रों के अनुसार, हैरी बॉक्सर को फिलहाल इमिग्रेशन वायलेशन के मामले में हिरासत में लिया गया है. उसे भारत में दर्ज किसी क्रिमिनल केस के तहत गिरफ्तार नहीं किया गया है. इसलिए अमेरिका में पहले उसके इमिग्रेशन कोर्ट की प्रक्रिया चलेगी. उसकी सुनवाई होगी और इसके बाद ही भारत की तरफ से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी. भारत को इसके लिए अमेरिका के सामने औपचारिक तौर पर प्रत्यर्पण डोजियर भेजना होगा.

इस डोजियर में हैरी बॉक्सर के खिलाफ राजस्थान, पंजाब, दिल्ली और मुंबई में दर्ज एफआईआर, चार्जशीट और दूसरे सबूत शामिल किए जाएंगे. इनमें उसकी आवाज से जुड़े फॉरेंसिक सबूत और वॉयस क्लिप भी शामिल होंगी.

अमेरिकी कोर्ट में अपील का मौका

सूत्रों के अनुसार, अमेरिका में प्रत्यर्पण की प्रक्रिया काफी लंबी होती है. आरोपी को वहां की कोर्ट में अपनी बात रखने और फैसले के खिलाफ अपील करने का पूरा मौका मिलता है. ऐसे में अगर हैरी बॉक्सर भी कानूनी तौर पर चुनौती देता है तो भारत लाने की प्रक्रिया और लंबी हो सकती है. इसके अलावा, कई बार आरोपी अमेरिका में राजनीतिक शरण का दावा भी कर सकते हैं. अगर हैरी बॉक्सर की तरफ से भी ऐसा कोई दावा किया जाता है तो प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में और अधिक समय लग सकता है.

कई राज्यों में दर्ज है हैरी के खिलाफ केस

  1. हैरी बॉक्सर के खिलाफ ज्यादातर मामले अलग-अलग राज्यों की पुलिस ने दर्ज किए हैं. यही वजह है कि उसके खिलाफ दर्ज सभी केसों को एक जगह लाकर मजबूत डोजियर तैयार करना सीबीआई के लिए बड़ी चुनौती है.
  2. राजस्थान, पंजाब, दिल्ली और मुंबई पुलिस के मामलों से जुड़े दस्तावेजों को एक सिंगल डोजियर में शामिल करना होगा. इसके बाद इसे सीबीआई के जरिए विदेश मंत्रालय को भेजा जाएगा, ताकि अमेरिका के साथ प्रत्यर्पण की औपचारिक प्रक्रिया शुरू की जा सके.
  3. फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और मुंबई क्राइम ब्रांच ने सीबीआई को हैरी बॉक्सर के खिलाफ उपलब्ध दस्तावेज सौंपने शुरू कर दिए हैं. एजेंसियां उसके खिलाफ दर्ज मामलों और सबूतों को एक साथ जुटा रही हैं.
  4. अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका की कोर्ट से हरी झंडी मिलने तक हैरी बॉक्सर को भारत लाना संभव नहीं होगा. इसलिए उसकी गिरफ्तारी के बावजूद भारत लाने की प्रक्रिया तत्काल पूरी होने की उम्मीद नहीं है.

रोहित शेट्टी पर गोलीबारी का भी है आरोपी

हरिचंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर के खिलाफ हत्या, धमकी और रंगदारी वसूली समेत कई मामले दर्ज हैं. जांच एजेंसियों का आरोप है कि वह अमेरिका में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहा था और गैंग की गतिविधियों को ऑपरेट कर रहा था. उस पर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का भी आरोप है. फायरिंग के बाद हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो के जरिए बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकी भी दी थी.

About the Author

authorimg



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments