Last Updated:
महाराष्ट्र के धाराशिव में युवती के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बोराड़ा गांव में एक युवक अपने साथियों के साथ युवती के घर में घुस गया और उसकी मां व बहन पर तलवार से हमला कर दिया. इसके बाद युवती को अर्टिगा कार में जबरन बैठाकर आरोपी फरार हो गए. भागते समय कार से कई लोगों को टक्कर मारी गई, जिसमें दो लोग गंभीर घायल हुए. पुलिस ने अंबाजोगाई के पास कार को घेर लिया. यहां मुख्य आरोपी ने युवती की गर्दन पर कोयाता रखकर उसे और खुद को खत्म करने की धमकी दे दी.
मां-बहन पर जानलेवा हमला कर सनकी आशिक अपने दोस्तों के साथ मिलकर युवती का अपहरण कर लिया है. (एआई इमेज)
क्राइम न्यूज. महाराष्ट्र के धाराशिव से एक युवती के अपहरण की सनसनीखेज मामला सामने आया है. कलंब तालुका के बोराड़ा गांव में एक सिरफिरे आशिक अपने चार साथियों के साथ अपनी कथित प्रेमिका के घर घुस गया. इसके बाद, वह युवती को जबरन पकड़ कर ले जाने लगा. जब उसकी इस हरकत का युवती की मां और बहन ने विरोध किया, तो उसने दोनों पर तलवार से हमला कर दिया. इसके बाद, आरोपी युवती को जबरन अर्टिगा कार में डालकर फरार हो गए.
जल्द से जल्द मौके से निकलने की कोशिश में आरोपियों ने कार की रफ्तार बेहद तेज कर दी थी. इसी दौरान, आरोपियों ने रास्ते में आने वाले कई लोगों को कार से टक्कर मार दी. इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया. पुलिस लगातार आरोपियों की कार का पीछा करती रही. आखिरकार अंबाजोगाई के पास पुलिस ने अर्टिगा कार को घेर लिया. लेकिन यहां आरोपी ने युवती को छोड़ने के बजाय पुलिस के सामने ही उसे बंधक बना लिया.
हाईवे पर चला हाईबोल्टेज ड्रामा
मुख्य आरोपी ने कार के अंदर युवती की गर्दन पर दराती रख दी. उसने पुलिस को धमकी दी कि अगर उसे पकड़ने की कोशिश की गई तो वह युवती और खुद को खत्म कर देगा. करीब आधे घंटे तक पुलिस और आरोपी के बीच हाईबोल्टेज ड्रामा चलता रहा. इसी बीच पुलिस अधिकारी गणेश वाघमोडे ने मौका पाते ही आरोपी पर ऐसा हमला किया कि दराती दूर जा गिरी. इसके बाद, पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी को दबोच लिया.
बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
हालांकि, इस ऑपरेशन के दौरान एक अन्य पुलिस अधिकारी हनुमंत गायकवाड़ गंभीर रूप से घायल हो गए. आरोपी ने उन पर दराती से हमला कर दिया था. इसके बावजूद पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं छोड़ी और युवती को आरोपी के कब्जे से सुरक्षित बचा लिया. पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी फरार हैं. उनकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं.