Cricket
oi-Naveen Sharma
Aaj Ka Match Kon Jeeta: लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबले में रनों भारी बारिश देखने को मिली। चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के बल्लेबाजों ने इस फैसले को चुनौतीपूर्ण साबित कर दिया और 8 विकेट पर 203 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। अंतिम ओवर तक चले गेम में चेन्नई सुपर किंग्स ने धमाकेदार जीत दर्ज की।
लखनऊ की शुरुआत काफी आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने मैदान के चारों ओर शॉट्स खेलते हुए मात्र 33 गेंदों में 85 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 10 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। इंग्लिस के इस प्रहार ने चेन्नई के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया।

मध्यक्रम का संघर्ष और शाहबाज की पारी
इंग्लिस के अलावा टीम के अन्य बड़े नाम कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। मिचेल मार्श ने 10 रन और कप्तान ऋषभ पंत ने 15 रनों का योगदान दिया। निकोलस पूरन और एडेन मार्करम भी जल्दी पवेलियन लौट गए। हालांकि, अंत में शाहबाज अहमद ने मोर्चा संभाला और 25 गेंदों में 3 चौकों व 3 छक्कों की मदद से नाबाद 43 रन बनाकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।
चेन्नई की गेंदबाजी का हाल
चेन्नई की ओर से जेमी ओवरटन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपनी सटीक लाइन और लेंथ से लखनऊ के 3 महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को आउट किया। अंशुल कंबोज ने भी अच्छी गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट अपने नाम किए। वहीं, नूर अहमद ने किफायती गेंदबाजी करते हुए निकोलस पूरन का बड़ा विकेट हासिल किया।
चेन्नई के लिए उर्विल पटेल का धमाल
जवाबी पारी में खेलते हुए संजू सैमसन और रुतुराज गायकवाड़ ने मिलकर चेन्नई सुपर किंग्स को तूफानी शुरुआत दिलाई। सैमसन ने 14 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली। उधर गायकवाड़ के बल्ले से 28 गेंदों में 42 रनों की पारी देखने को मिली लेकिन असली तूफ़ान उर्विल पटेल के बल्ले से आया।
उन्होंने मैदान में चौके और छक्कों की बारिश कर 13 गेंदों में फिफ्टी जमाकर आईपीएल इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी के मामले में यशस्वी जायसवाल की बराबरी कर ली। जायसवाल ने भी 13 गेंदों में केकेआर के खिलाफ 2023 में फिफ्टी जड़ी थी। उर्विल पटेल 8 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 23 गेंदों में 65 रन बना चेन्नई की राह आसान कर दी।
अंतिम ओवर में चेन्नई की जीत
इस दौरान कार्तिक शर्मा 20 और डेवाल्ड ब्रेविस 10 रन बनाकर आउट हो गए। फिर मुकाबले में रोमांच देखने को मिला। अंतिम ओवर में चेन्नई को 10 रनों की दरकार थी। मार्करम ने दो वाइड फेंकी, इसके बाद शिवम दुबे ने लगातार दो छक्के जड़कर चेन्नई को 5 विकेट पर जीत दिला दी। दुबे ने नाबाद 15 और प्रशांत वीर ने नाबाद 18 रन बनाए।



