Cricket
oi-Naveen Sharma
Aaj Ka Match Kon Jeeta: आईपीएल में कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में रनों का अंबार देखने को मिला। गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने निर्धारित 20 ओवरों में महज 2 विकेट के नुकसान पर ही 247 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया।
मैदान पर चौके और छक्कों की इस बारिश की शुरुआत भले ही थोड़ी धीमी रही, जब कप्तान अजिंक्य रहाणे 14 गेंदों में 14 रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर बोल्ड हो गए। लेकिन उनके आउट होने के बाद जो हुआ, उसकी कल्पना शायद गुजरात के गेंदबाजों ने भी नहीं की होगी।

सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने तबाही मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने गुजरात के हर गेंदबाज को रिमांड पर लिया और मैदान के चारों कोनों में शॉट खेले। एलन ने महज 35 गेंदों का सामना करते हुए 265.71 के हैरतअंगेज स्ट्राइक रेट से 93 रनों की बेहद आक्रामक पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 शानदार चौके और 10 गगनचुंबी छक्के जड़े। वह अपने शतक से सिर्फ 7 रन दूर रह गए, साई किशोर की गेंद पर राशिद खान ने उनका कैच लपका।
फिन एलन के पवेलियन लौटने के बाद भी गुजरात की मुश्किलें कम नहीं हुईं। विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन ने मोर्चा संभाला और अंत तक नाबाद रहते हुए टीम को एक ऐतिहासिक स्कोर तक पहुंचा दिया। रघुवंशी ने सूझबूझ और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए 44 गेंदों में 82 रनों की लाजवाब पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 7 शानदार छक्के शामिल रहे।
ग्रीन ने मात्र 28 गेंदों में 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 52 रनों की धुआंधार अर्धशतकीय पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई इस तेजतर्रार साझेदारी की बदौलत केकेआर का रन रेट 12.35 का रहा। गुजरात की तरफ से मोहम्मद सिराज और साई किशोर को 1-1 सफलता तो मिली।
गुजरात को शुरुआत में ही उस समय झटका लगा जब साई सुदर्शन को कार्तिक की एक गेंद एल्बो में लग गई और उनको रिटायर्ड हर्ट होकर वापस बाहर जाना पड़ा। उस समय वह 13 गेंदों में 23 रन बनाकर गए। उनके बाद निशांत सिंधू 1 रन बना चलते बने। बाद में गिल और बटलर ने मामला संभाला। गिल ने नियमित अंतराल पर शॉट जड़ते हुए 33 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली।
गिल ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए 7 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 49 गेंदों में 85 रन बनाए। बटलर ने अपनी फिफ्टी पूरी कर ली और उनका साथ देने सुदर्शन फिर से क्रीज पर आ गए।



