Cricket
oi-Naveen Sharma
Aaj Ka Match Kon Jeeta: अरुण जेटली स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के सामने दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 8 विकेट पर 193 रनों का स्कोर खड़ा किया। जुरेल और रियान पराग ने अर्धशतक जड़े।
राजस्थान की शुरुआत मिली-जुली रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और केवल 12 रन बनाकर लुंगी एनगिडी का शिकार बने। उनके जल्दी आउट होने के बाद युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला और मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए। वैभव ने महज 21 गेंदों में 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 46 रनों की धुआंधार पारी खेली। वह अपने अर्धशतक से चूक गए और उन्हें माधव तिवारी ने पवेलियन का रास्ता दिखाया।

मध्यक्रम में ध्रुव जुरेल और कप्तान रियान पराग ने पारी को बखूबी संभाला और टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। ध्रुव जुरेल ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 53 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं दूसरी तरफ कप्तान रियान पराग ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए मात्र 26 गेंदों में 51 रनों की कप्तानी पारी खेली। पराग ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के जड़े।
एक बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही राजस्थान रॉयल्स की पारी को रोकने का काम दिल्ली के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने किया। स्टार्क ने पारी के 15वें ओवर में घातक गेंदबाजी करते हुए 3 झटके दिए। उन्होंने अर्धशतक बना चुके रियान पराग को आउट करने के बाद डोनोवन फरेरा को शून्य और रवि सिंह को 4 रन पर चलता किया। इस घातक स्पैल की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने मैच में शानदार वापसी की।
निचले क्रम में शुभम दुबे 5 रन और दासुन शनाका 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जोफ्रा आर्चर और एडम मिल्ने 2-2 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली कैपिटल्स की कसी हुई गेंदबाजी के चलते राजस्थान की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 193 रन ही बना सकी। दिल्ली की तरफ से मिचेल स्टार्क सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 4 विकेट चटकाए, जबकि लुंगी एनगिडी और माधव तिवारी को 2-2 सफलताएं मिलीं।



