HomeअपराधAjmer Scorpio fire case | अजमेर में स्कॉर्पियो में जिंदा जलने से...

Ajmer Scorpio fire case | अजमेर में स्कॉर्पियो में जिंदा जलने से 4 मौतें, जांच में हत्या, पहली पत्नी से पूछताछ


होमताजा खबरक्राइम

पूर्व सरपंच समेत 4 की मौत हादसा नहीं? पहले हत्या, फिर डीजल से स्कॉर्पियो जलाई

Last Updated:

अजमेर जिले के बोराड़ा थाना इलाके में स्कॉर्पियो गाड़ी में चार लोगों के जिंदा जलने की घटना अब सड़क हादसे से बढ़कर हत्या की साजिश के रूप में सामने आ रही है. पुलिस को शक है कि पूर्व सरपंच राम सिंह चौधरी समेत चार लोगों की पहले घर में हत्या की गई और बाद में शवों को गाड़ी में रखकर आग लगा दी गई. मामले में पारिवारिक विवाद और कई लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.

Zoom

अजमेर में पूर्व सरपंच सहित 4 की मौत हादसा नहीं साजिश

अजमेर. अजमेर जिले के बोराड़ा थाना इलाके से सुबह-सुबह एक खबर आई. स्कॉर्पियो गाड़ी में जिंदा जलकर चार लोगों की मौत हो गई. शुरुआत में इसे सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो मामला हत्या की साजिश तक पहुंच गया. अब सामने आ रहा है कि पूर्व सरपंच और पूर्व जिला परिषद सदस्य समेत चार लोगों को पहले घर में ही मौत के घाट उतारा गया और बाद में सबूत मिटाने के लिए गाड़ी में डालकर आग लगा दी गई. और पुलिस सूत्रों की मानें तो यह किसी और ने नहीं, पूर्व सरपंच की पहली पत्नी का किया धरा है.

इस घटना में पूर्व सरपंच और किशनगढ़ विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके राम सिंह चौधरी, उनकी मां और पूर्व सरपंच पूसी देवी, पत्नी और जिला परिषद सदस्य सुरज्ञान तथा भांजी मानसी की मृत्यु हई है. बताया जा रहा है कि चारों के शव स्कॉर्पियो गाड़ी के अंदर मिले थे. जब सुबह करीब 6 बजे सड़क किनारे गाड़ी में आग लगने की सूचना मिली तो पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी. पानी के टैंकर और दमकल की मदद से आग बुझाई गई, लेकिन किसी को बचाया नहीं जा सका.

घर में हत्या, फिर गाड़ी में डालकर लगाई आग
अब जांच में जो शुरुआती बातें निकलकर सामने आई हैं, उन्होंने पूरे मामले को और उलझा दिया है. पुलिस को शक है कि चारों लोगों की हत्या पहले घर में धारदार हथियार से की गई. इसके बाद शवों को स्कॉर्पियो में रखा गया और सुनसान सड़क पर ले जाकर गाड़ी में आग लगा दी गई. जानकारी यह भी सामने आई है कि घर पर ही ट्रैक्टर से डीजल निकाला गया था और उसी डीजल को गाड़ी पर छिड़ककर आग लगाई गई.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस वारदात में पूर्व सरपंच की पहली पत्नी, बेटा, बेटी और कुछ अन्य लोगों की भूमिका सामने आ रही है. हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर पूरी पुष्टि नहीं की है, लेकिन कई लोगों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है.

पुराना पारिवारिक विवाद भी जांच के घेरे में
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि राम सिंह चौधरी की दो शादियां हुई थीं और लंबे समय से परिवार में विवाद चल रहा था. गांव के लोगों के मुताबिक घर में झगड़े की बातें पहले भी कई बार सामने आ चुकी थीं. इतना ही नहीं, राजनीतिक रंजिश और पारिवारिक तनाव को लेकर उन्हें पहले धमकियां भी मिल चुकी थीं. बताया जा रहा है कि 2024 से पहले उन्होंने सुरक्षा की मांग की थी, जिसके बाद उन्हें गार्ड भी मिला था, लेकिन बाद में वह सुरक्षा हटा दी गई.

सोशल मीडिया पर भी उन्होंने सुरक्षा हटाने को लेकर सवाल उठाए थे. ऐसे में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह पूरी वारदात पहले से रची गई साजिश तो नहीं थी. एफएसएल और एमओबी टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. गांव वालों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है.

इलाके में गुस्सा और डर का माहौल
इस वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी गुस्सा और डर का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई. लोगों की मांग है कि मामले का जल्दी खुलासा हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए. पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने कहा है कि पुलिस हादसे और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

फिलहाल अजमेर पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है और इस हत्याकांड से जुड़े हर पहलू को खंगाला जा रहा है. गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर चार लोगों को इतनी बेरहमी से क्यों मारा गया.

About the Author

authorimg

Anand Pandey

आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments