Last Updated:
Alwar News : अलवर शहर के खदाना मोहल्ले में 75 वर्षीय दिनेश चंद अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं. शुरुआती जांच में लूट के इरादे से हत्या की आशंका जताई गई थी, लेकिन अब पुलिस का दावा है कि इस वारदात को पांच लोगों ने मिलकर अंजाम दिया. जांच के अनुसार आरोपियों ने बुजुर्ग के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर कपड़ा कस दिया, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को डिटेन किया है, जबकि दो नाबालिगों समेत अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है. तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची.
खदाना में बुजुर्ग की हत्या का खुलासा, 5 लोगों ने मिलकर की वारदात, 2 डिटेन
अलवर. अलवर शहर के खदाना मोहल्ले में 75 वर्षीय दिनेश चंद अग्रवाल की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया था. घर में अकेले रहने वाले बुजुर्ग के हाथ-पैर बांध दिए गए थे, मुंह पर कपड़ा कसकर बांध दिया गया था और घर का सामान बिखरा मिला था. शुरुआत में मामला लूट के इरादे से हत्या का माना गया. अब इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार इस पूरी वारदात को पांच लोगों ने मिलकर अंजाम दिया था. इनमें दो नाबालिग और तीन युवक शामिल बताए गए हैं.
हाथ-पैर बांधे, मुंह में कपड़ा ठूंसा, दम घुटने से हुई मौत
पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने दिनेश चंद अग्रवाल के हाथ-पैर बांध दिए थे. इसके बाद उनके मुंह पर भी कपड़ा कसकर बांध दिया गया. जांच में मौत की वजह दम घुटना सामने आई है. पुलिस का कहना है कि इसी तरीके से बुजुर्ग की जान गई. वारदात के बाद आरोपी घर में रखे सामान की भी तलाश करते रहे. पुलिस के अनुसार घर से सिक्के भी चोरी किए गए थे. आरोपियों ने उन सिक्कों को बाजार में बेच दिया. इस पूरे मामले में पुलिस का अनुसंधान अभी जारी है.
करीब 20 घंटे तक किसी को नहीं लगी भनक
मृतक दिनेश चंद अग्रवाल अपने खदाना मोहल्ले स्थित मकान में अकेले रहते थे. यही वजह रही कि वारदात के करीब 20 घंटे तक किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी. परिवार के अनुसार दिनेश चंद अग्रवाल रोज दोपहर और रात का खाना खाने के लिए स्कीम नंबर 4 स्थित अपने बेटे के घर जाते थे. लेकिन जिस रात वह खाना खाने नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई. रात करीब साढ़े 9 बजे बेटा और पोती उन्हें देखने घर पहुंचे.
चारपाई पर मिला शव, बिखरा पड़ा था पूरा घर
जब परिजन घर के अंदर पहुंचे तो कमरे में चारपाई पर दिनेश चंद अग्रवाल का शव पड़ा मिला. उनके हाथ, पैर और मुंह कपड़ों से बंधे हुए थे. घर की अलमारियां खुली और टूटी हुई थीं, जबकि सामान बिखरा पड़ा था. मृतक दिनेश चंद अग्रवाल नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अजय अग्रवाल के सगे मामा और पूर्व सीएमएचओ डॉ. सुबोध अग्रवाल के चचेरे भाई थे. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई.
कहां तक सुलझी है गुत्थी
पूर्व चेयरमैन अजय अग्रवाल ने बताया था कि दिनेश चंद अग्रवाल बेहद स्वाभिमानी व्यक्ति थे और अक्सर बैंक से नए नोट लाकर जरूरतमंदों को उपलब्ध कराते थे. उनके पास कई बार नकदी भी रहती थी. ऐसे में आशंका जताई गई कि किसी को इसकी जानकारी थी और उसी के बाद वारदात की साजिश रची गई. अब पुलिस का कहना है कि मामले की गुत्थी काफी हद तक सुलझा ली गई है. बाकी आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी और चोरी किए गए सामान समेत पूरे घटनाक्रम की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
About the Author

आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें



