Last Updated:
अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गोपाल टॉकीज इलाके में चोरों ने डेढ़ साल से बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया. ताले तोड़कर घर में घुसे चोर 25 तोला सोना, 1 किलो चांदी समेत करीब 40 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
अलवर. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गोपाल टॉकीज इलाके में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारियों में रखे लाखों रुपये के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है. घटना उस समय सामने आई जब मकान मालिक के परिवार से जुड़े रोहित कुमार व्यास मंगलवार को इलाके से गुजर रहे थे. इस दौरान उनकी नजर मकान के मुख्य गेट पर पड़ी, जो खुला हुआ था, उन्हें शक हुआ तो उन्होंने अंदर जाकर देखा. मकान के अंदर सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था. अलमारियों के लॉक भी टूटे मिले, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी.
पीड़ित रोहित कुमार व्यास ने पुलिस को बताया कि यह मकान उनकी बहन का है और पिछले करीब डेढ़ साल से बंद पड़ा हुआ था. हालांकि समय-समय पर वह मकान की देखरेख के लिए आते-जाते रहते थे. चोरों ने इसी बंद मकान का फायदा उठाया और घर में रखे कीमती सामान को चोरी कर लिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर करीब 25 तोला सोना, 1 किलो चांदी, पानी की मोटर, कपड़े और अन्य घरेलू सामान ले गए हैं. पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वारदात को अंजाम देने वाले चोरों की पहचान की जा सके. पुलिस की ओर से एफएसएल टीम और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. मकान लंबे समय से बंद होने के कारण पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरों को घर में रखे सामान और बंद होने की जानकारी कैसे मिली. रोहित कुमार व्यास ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरी की वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें



