Last Updated:
Bikaner News : बीकानेर में इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ फोटो अपलोड करना एक युवक को भारी पड़ा. पांचू थाना पुलिस ने रौनक बिश्नोई को गिरफ्तार किया. पुलिस सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रख रही है. जानकारी के अनुसार आरोपी युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पिस्टल के साथ फोटो अपलोड की थी. पोस्ट का मकसद क्या था, इसकी जांच की जा रही है, लेकिन पुलिस की निगरानी के दौरान यह फोटो सामने आ गई.
सोशल मीडिया पर हथियार दिखाकर बना रहा था रौब, निगरानी के दौरान पुलिस ने पकड़ा आरोपी
बीकानेर. सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में कई युवा ऐसे कदम उठा रहे हैं, जो सीधे कानून के दायरे में आ जाते हैं. कोई चलती कार पर स्टंट करता है, कोई हथियार के साथ फोटो और वीडियो डालकर खुद को दबंग दिखाने की कोशिश करता है. बीकानेर जिले के पांचू थाना क्षेत्र में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ फोटो अपलोड करना एक युवक को भारी पड़ गया. पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी में पोस्ट सामने आई और कुछ ही समय बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
यह कार्रवाई पांचू थाना पुलिस ने की है. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली हर गतिविधि पर कार्रवाई की जाएगी. जानकारी के अनुसार आरोपी युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पिस्टल के साथ फोटो अपलोड की थी. पोस्ट का मकसद क्या था, इसकी जांच की जा रही है, लेकिन पुलिस की निगरानी के दौरान यह फोटो सामने आ गई. इसके बाद पुलिस ने तुरंत मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी की पहचान शुरू की. जांच में युवक की पहचान रौनक बिश्नोई निवासी कुदसू के रूप में हुई. पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
सोशल मीडिया पर पुलिस की लगातार नजर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आजकल सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है. कई लोग इसे अपनी झूठी दबंगई दिखाने का जरिया बना रहे हैं. हथियारों के साथ फोटो, धमकी भरे वीडियो और कानून तोड़ने वाली रीलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. पांचू थाना प्रभारी सीआई ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले में कार्रवाई की. पुलिस का कहना है कि ऐसी पोस्ट समाज में गलत संदेश देती हैं और युवाओं को भी गलत दिशा में ले जाती हैं.
बढ़ रहा है हथियारों वाली रीलों का चलन
पिछले कुछ समय में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो डालने का चलन तेजी से बढ़ा है. कई लोग फिल्मी गानों या तथाकथित गैंगस्टर स्टाइल के वीडियो बनाकर खुद को प्रभावशाली दिखाने की कोशिश करते हैं. ऐसे वीडियो और तस्वीरें कुछ समय के लिए चर्चा जरूर बटोर लेती हैं, लेकिन कई बार यही पोस्ट पुलिस जांच का आधार भी बन जाती हैं. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर डाली गई हर सार्वजनिक पोस्ट पर नजर रखी जाती है. यदि कोई व्यक्ति हथियारों का प्रदर्शन करता है या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री साझा करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.
जांच जारी, पुलिस ने दिया स्पष्ट संदेश
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. यह भी जांच की जा रही है कि फोटो में दिखाई गई पिस्टल किसकी है, उसका लाइसेंस है या नहीं और हथियार आरोपी के पास कैसे पहुंचा. इन सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर कानून से ऊपर होने का दिखावा करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है. हथियारों के साथ फोटो या वीडियो डालकर रौब जमाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
About the Author

आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
और पढ़ें



