Last Updated:
दौसा के मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मोरा माता की पहाड़ी के पास जंगल में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया. सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दौसा से FSL टीम को बुलाया गया है.
जंगल में मिला महिला का शव
दौसा. मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र के ब्रह्मबाद गांव स्थित मोरा माता मंदिर की पहाड़ियों में सोमवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. प्रथम दृष्टया महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलते ही मेहंदीपुर बालाजी थाना प्रभारी सचिन शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी गई, इसके बाद बांदीकुई डीएसपी लक्ष्मीकांत शर्मा भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने एफएसएल और एमओयू टीम को घटनास्थल पर बुलाया. टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने के साक्ष्य मिले हैं. इसके अलावा सिर पर पत्थर से वार कर उसे कुचले जाने की बात भी सामने आई है.
दो युवक बाइक से महिला को लेकर पहुंचे थे
घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को अहम जानकारी दी है. ग्रामीणों के अनुसार, दो युवक बाइक पर एक महिला को लेकर मोरा माता मंदिर की पहाड़ियों की ओर आए थे. कुछ समय बाद दोनों युवक बाइक से वापस लौटे, लेकिन उस समय बाइक पर महिला दिखाई नहीं दी. इस पर स्थानीय महिलाओं ने बाइक सवार युवकों से महिला के बारे में जानकारी मांगी. बताया जा रहा है कि युवकों ने महिलाओं से कहा कि वे मेहंदीपुर बालाजी किसी काम से होकर वापस आ रहे हैं और महिला मोरा माता मंदिर पर ही मौजूद है. युवकों के जवाब से स्थानीय महिलाओं को संदेह हुआ, उन्होंने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी.
पहाड़ी पर मिला महिला का शव
इसके बाद कुछ स्थानीय युवक महिला की तलाश में पहाड़ी की ओर गए. वहां उन्हें महिला का शव दिखाई दिया, शव मिलने की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित किया और जांच शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार, मृतका की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है, पहचान होने के बाद उसके परिजनों का पता लगाने के साथ ही महिला के पहाड़ी तक पहुंचने और उसके साथ मौजूद बताए जा रहे युवकों से संबंधों की भी जांच की जाएगी.
थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की हत्या की आशंका है. महिला की गला रेतकर तथा सिर पर पत्थर से वार किए जाने के साक्ष्य मिले हैं. फिलहाल पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास भी जानकारी जुटाई जा रही है. बाइक सवार युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. एफएसएल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी. फिलहाल मृतका की पहचान और हत्या के कारणों का खुलासा होना बाकी है.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें



