Last Updated:
Jaipur Airport Gold Smuggling Case: जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डीआरआई जयपुर यूनिट ने सोने की तस्करी का बड़ा खुलासा किया है. शारजाह से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट G9-435 से आए एक यात्री को 2 किलो 8 ग्राम सोने के साथ गिरफ्तार किया गया. बरामद सोने की बाजार कीमत 3.23 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है. आरोपी को कस्टम्स एक्ट 1962 के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है. प्रारंभिक जांच में यात्री सामान्य लगा लेकिन शक के आधार पर तलाशी ली गई. सोना पेस्ट के रूप में अंडरगारमेंट्स में छिपाया गया था. एजेंसियां नेटवर्क की जांच कर रही हैं.
जयपुर एयरपोर्ट पर डीआरआई ने 2.8 किलो सोने के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार
जयपुर. राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) जयपुर यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोने की तस्करी का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से कुल 2 किलो 8 ग्राम सोना बरामद किया गया है. बरामद सोने की बाजार कीमत 3 करोड़ 23 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. आरोपी को कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
पेस्ट को प्रोसेस करने पर 2.8 किलो शुद्ध सोना निकला
तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 2216 ग्राम सोना पेस्ट के रूप में बरामद किया गया था. यह सोना बेहद चालाकी से उसके अंडरगारमेंट्स में छिपाकर लाया गया था ताकि सुरक्षा जांच से बचा जा सके. जब डीआरआई अधिकारियों ने सोने के पेस्ट को प्रोसेस किया, तो उसमें से कुल 2 किलो 8 ग्राम शुद्ध सोना निकला. डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, यह सोना सुनियोजित तरीके से तस्करी कर भारत लाया गया था. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हो सकता है, जो खाड़ी देशों से भारत में सोने की अवैध सप्लाई करता है. आरोपी यात्री से पूछताछ में उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू
एयरपोर्ट पर हुई इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं. डीआरआई और कस्टम विभाग अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटे हैं. अधिकारियों का कहना है कि तस्करी के इस तरीके में सोने को पेस्ट के रूप में लाकर शरीर पर छिपाया जाता है, जिससे जांच में पकड़ना मुश्किल हो जाता है. फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है. एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इससे पहले भी इस तरह की कितनी खेपें भारत में लाई जा चुकी हैं.
About the Author

दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें



