Last Updated:
Jaipur Crime News: जयपुर के मानसरोवर थाना क्षेत्र में अंडे गिरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. शांति नगर इलाके में हुई मारपीट में मजदूर बलवीर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, मामले की जांच जारी है.
मृतक बलवीर
जयपुर. मानसरोवर थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें एक मजदूर की जान चली गई. गुर्जर की थड़ी स्थित शांति नगर इलाके में अंडे गिरने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और खूनी संघर्ष में बदल गया. इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर बलवीर की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है और चार लोगों को हिरासत में लिया गया है. इनमें एक नाबालिग भी शामिल है.
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम शांति नगर इलाके में एक पक्ष के लोग अंडे लेकर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में दूसरे पक्ष के लोगों से टकराने के कारण अंडे नीचे गिर गए, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. आरोप है कि कुछ लोग डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और दूसरे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी, इस हमले में कई लोग घायल हो गए.
मजदूर बलवीर की अस्पताल में मौत
मारपीट में मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के रहने वाले बलवीर गंभीर रूप से घायल हो गए. बलवीर जयपुर के गुर्जर की थड़ी इलाके में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करते थे. घटना के समय उनके साथ मौजूद दो अन्य साथी भी घायल हुए. तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन बलवीर की हालत गंभीर बनी हुई थी. मंगलवार देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई, घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई.
पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया
मृतक बलवीर के भाई ने मानसरोवर थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. डीसीपी साउथ राजऋषि राज वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हिरासत में लिए गए आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामला दर्ज है. घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद किस तरह बढ़ा और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका क्या रही.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें



