Last Updated:
झालावाड़ जिले के सारोला थाना क्षेत्र के नूरजी गाडरवाड़ा गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. घरेलू कहासुनी के बाद भतीजे कुलदीप ने अपने चाचा जगन्नाथ बैरवा पर जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
झालावाड़. जिले के सारोला थाना क्षेत्र के नूरजी गाडरवाड़ा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां आपसी पारिवारिक विवाद के चलते एक भतीजे ने अपने ही चाचा पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी भतीजा मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.
सारोला थाना पुलिस के अनुसार नूरजी गाडरवाड़ा गांव निवासी बुजुर्ग जगन्नाथ बैरवा का परिवार के कुछ सदस्यों के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर परिवार के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी भतीजे कुलदीप ने अपना आपा खो दिया और अपने काका जगन्नाथ बैरवा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले के बाद जगन्नाथ बैरवा गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया. परिजन तत्काल घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए झालावाड़ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे.
इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जगन्नाथ बैरवा की गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलते ही सारोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद मुख्य कारण हो सकता है. पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल सारोला थाना पुलिस आरोपी भतीजे कुलदीप की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें



