Last Updated:
Jodhpur Blackmailing Case In Relationship: जोधपुर में प्रेम संबंध के बाद ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है. एक युवक ने युवती पर 50 लाख रुपये मांगने और मकान-संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है. युवक का दावा है कि मांग पूरी नहीं करने पर उसे रेप के झूठे मामले में फंसाने और पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकी दी गई. मीडिया में बदनाम करने की धमकी देने का भी आरोप है. युवक के मुताबिक अक्टूबर 2025 में एक शादी समारोह में दोनों की मुलाकात हुई थी, जिसके बाद दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई. जुलाई 2026 में पुलिस कमिश्नर को शिकायत देने के बाद कोर्ट के आदेश पर देवनगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है.
जोधपुर में शादी का झांसा देकर 50 लाख मांगने का आरोप.
जोधपुर. फर्ज कीजिए आप किसी शादी में गए और वहां किसी महिला से दोस्ती हो जाए. बाद में वही दोस्ती प्यार में बदले और आप शादी की बात कर बैठें. लेकिन इसी दरमियान वक्त बदल जाए, जज्बात बदल जाए. मामला जोधपुर में प्यार के रिश्ते के बाद ब्लैकमेलिंग का है. एक युवक ने युवती पर 50 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है. युवक का कहना है कि शादी की बात शुरू होने के बाद युवती का व्यवहार बदल गया और उस पर कई तरह की शर्तें रखी जाने लगीं.
युवक के आरोप के मुताबिक युवती ने उससे 50 लाख रुपये की मांग की. इसके साथ ही मकान और संपत्ति अपने नाम करने की शर्त भी रखे जाने का दावा किया गया है. मांग पूरी नहीं करने पर उसे रेप के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है.
शादी की बात के बाद बदल गया व्यवहार
युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अक्टूबर 2025 में एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात युवती से हुई थी. मुलाकात के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई. युवक का दावा है कि दोनों के बीच सहमति से मिलना-जुलना भी हुआ. कुछ समय बाद जब शादी की बात सामने आई तो युवती का व्यवहार बदलने लगा. इसके बाद कथित तौर पर रुपये और संपत्ति को लेकर दबाव बनाया जाने लगा.
50 लाख रुपये मांगने का आरोप
शिकायत के अनुसार युवक का आरोप है कि युवती ने उससे 50 लाख रुपये मांगे. इसके साथ ही मकान और दूसरी संपत्ति अपने नाम करने की शर्त रखी गई. युवक का कहना है कि जब उसने इन मांगों को पूरा करने से इनकार किया तो उसे रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई. इतना ही नहीं, पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
मीडिया में बदनाम करने की धमकी का दावा
युवक ने युवती पर यह भी आरोप लगाया कि मांग पूरी नहीं करने पर मीडिया को बुलाकर उसकी और उसके परिवार की इमेज खराब करने की धमकी दी गई. शिकायत में युवती की मौसी और अन्य परिजनों पर भी फोन कर परेशान करने का आरोप लगाया गया है. युवक के अनुसार उसे लगातार अलग-अलग तरीके से दबाव में लेने की कोशिश की गई.
जुलाई में पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत
युवक ने इस मामले को लेकर जुलाई 2026 में पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत दी थी. उसका आरोप है कि शिकायत देने के बाद भी उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद युवक ने कोर्ट का रुख किया. कोर्ट में इस्तगासा पेश किए जाने के बाद देवनगर थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की.
पुलिस ने शुरू की जांच
एफआईआर दर्ज होने के बाद देवनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी और दोनों पक्षों से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी. मामला प्रेम संबंध, शादी की बात और उसके बाद कथित रूप से रुपये व संपत्ति की मांग से जुड़ा है. युवक की ओर से लगाए गए रेप के झूठे केस में फंसाने, परिवार को जेल भिजवाने और मीडिया में बदनाम करने की धमकी जैसे आरोपों की भी पुलिस जांच करेगी.
About the Author
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
और पढ़ें