Cricket
oi-Naveen Sharma
Kal Ka Match Kon Jeeta: आईपीएल के एक बेहद रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सिर्फ 2 विकेट खोकर 247 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम ने भी पूरी जान लगाई, लेकिन वे 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 218 रन ही बना सके और केकेआर ने इस मैच को अपने नाम कर लिया।
पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद कोलकाता की शुरुआत थोड़ी धीमी रही। कप्तान अजिंक्य रहाणे सिर्फ 14 रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद मैदान पर फिन एलन का ऐसा तूफान आया जिसने गुजरात के गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी। एलन ने महज 35 गेंदों में 265.71 के स्ट्राइक रेट से 93 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। वह साई किशोर की गेंद पर राशिद खान को कैच दे बैठे।

उनके आउट होने के बाद अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन ने मोर्चा संभाला। रघुवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 82 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं कैमरन ग्रीन ने भी धुआंधार अंदाज में 28 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए।
248 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत दमदार रही। कप्तान शुभमन गिल ने सामने से टीम का नेतृत्व किया और 49 गेंदों में 5 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 85 रनों की कप्तानी पारी खेली। विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने भी उनका अच्छा साथ निभाया और 35 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 57 रनों का योगदान दिया। हालांकि इन दोनों ही स्टार खिलाड़ियों को सुनील नारायण और सौरभ दुबे ने पवेलियन का रास्ता दिखाया।
अंतिम ओवरों में साई सुदर्शन ने तेजी से रन बटोरे और मात्र 28 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्के जड़कर नाबाद 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। तमाम प्रयासों के बावजूद गुजरात की टीम 20 ओवरों में 218 रन ही बना सकी। केकेआर की तरफ से सुनील नारायण ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जबकि कैमरन ग्रीन और सौरभ दुबे को 1-1 सफलता मिली।



