Last Updated:
50 lakh Theft Case: करौली के हिंडौन सिटी में 50 लाख रुपये के जेवरात और नकदी की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि जमीन विवाद के चलते परिवादी के बड़े भाई ने ही चोरी की साजिश रची थी. पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है.
करौली. हिंडौन सिटी के नई मंडी थाना क्षेत्र में करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये नकद की चोरी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड खुद परिवादी का बड़ा भाई था, जिसने जमीन विवाद और आपसी रंजिश के चलते चोरी की साजिश रची. पुलिस ने मामले में मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, फिलहाल चोरी गए जेवरात की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में पूछताछ जारी है.
जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि 24 जून 2026 को हिंडौन सिटी स्थित वृंदावन रिसोर्ट के पास एक मकान में चोरी की घटना हुई थी. चोर घर से करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ.
लग्न-टीका कार्यक्रम की आड़ में बुलाए शातिर चोर
पुलिस जांच में सामने आया कि परिवादी के बड़े भाई राधेश्याम ने अपने बेटों के लग्न-टीका कार्यक्रम में शामिल होने के बहाने शातिर चोरों को बुलाया था. इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया, घटना को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने एक अर्टिगा कार का इस्तेमाल किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राधेश्याम, टीकम शर्मा, महेंद्र जोगी, रामप्रसाद जोगी, कन्हैया जांगिड़ और शंभू दयाल सैन को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होने और करीब 50 लाख रुपये के जेवरात चोरी करने की बात स्वीकार की है. जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी राधेश्याम के खिलाफ पहले से लूट, चोरी और डकैती सहित करीब 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं रामप्रसाद पर 23, टीकम शर्मा पर 14 और महेंद्र जोगी पर 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपियों से चोरी का माल बरामद करने और गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन पूछताछ की जा रही है. मामले में आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें



