मोहाली के स्कूल में जांच करती पुलिस टीम और इनसेट में PM मोदी की फाइल फोटो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को पंजाब-चंडीगढ़ के संभावित दौरे से पहले मोहाली के 6 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलते ही स्कूलों को बंद करा दिया गया। बच्चों को छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। इससे जुड़ी धमकी भरी ई-मेल सामने आई है।
.
जिसमें कहा गया है कि आज हमारे टारगेट पर स्कूल हैं। 17 जुलाई को भी बम धमाके होंगे। इस मेल में जालंधर-चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को भी टारगेट करने की धमकी दी गई है। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर PM ने प्रोजेक्ट का उद्घाटन करना है। ये भी कहा है कि कोई मोदी की रैलियों में न जाए वर्ना बम धमाके में मारे जाओगे।
इस मेल में पंजाब के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत खालड़ा के जीवन पर बनी ‘सतलुज’ फिल्म के एक्टर दिलजीत दोसांझ को अपना भाई बताया गया है। यह फिल्म OTT से वर्ल्डवाइड बैन हो चुकी है। वहीं फिल्म पर सवाल उठा रहे केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू को भी धमकी दी गई है।
इससे पहले कल (12 जुलाई को) SFJ के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन एक वीडियो जारी किया था, जिसमें दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के अदंर स्लीपर कोच में खालिस्तानी नारे लिखे गए थे। PM के दौरे से पहले खालिस्तानी धमकियों को देखते पंजाब और चंडीगढ़ में पुलिस हाई अलर्ट पर है। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी इस पर नजर रख रही हैं। PM मोदी को जालंधर और चंडीगढ़ में प्रोजेक्टों का उद्घाटन करना है।
मोहाली के फेज-6 स्थित शिवालिक पब्लिक स्कूल में जांच करती हुई टीम।
जानिए धमकी भरे ईमेल में क्या लिखा…
मोदी बम धमाके @17 जुलाई
आज स्कूल निशाने पर हैं।
पंजाब बनेगा खालिस्तान “सतलुज” बनेगा खालिस्तान
हम अपने सिख भाई दिलजीत दोसांझ के साथ हमेशा खड़े हैं। “शहीद खालड़ा जिंदाबाद”
मोदी बम धमाके
मोहाली स्कूल – दोपहर 1:11 बजे
मोहाली मेयर कार्यालय – दोपहर 3:11 बजे
17 जुलाई जालंधर–चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर IED विस्फोट होंगे।
रवनीत बिट्टू, जो दिलजीत दोसांझ के खिलाफ बोल रहा है। “बिट्टू, अब समय आ गया है कि तू अपने दादा बेअंत सिंह से जाकर मिले।” बिट्टू के टुकड़े-टुकड़े हो जाएंगे।
हम खालिस्तान समर्थक बच्चों के खिलाफ नहीं हैं। अब जालंधर और चंडीगढ़ में किसानों, सिखों, शहीद खालड़ा, “सतलुज” और शहीद निज्जर का दुश्मन मोदी आएगा।
कोई भी हिंदू परिवार कथित तौर पर मोदी की रैलियों में न जाए, नहीं तो बम धमाकों में मारे जाओगे।
दिलजीत दोसांझ हमारे भाई हैं, हम हमेशा उनके साथ हैं।
खालिस्तान नेशनल आर्मी
इंजीनियर गुरनाख सिंह
रुकन शाहवाला
डॉ. गुरनिरवैर सिंह
खान राजादा
धमकी भरी ईमेल की कॉपी…

शिवालिक पब्लिक स्कूल कोई धमकी भरी ईमेल। दैनिक भास्कर इस ईमेल की पुष्टी नहीं करता है।
स्कूल ने पेरेंट्स को भेजा मैसेज शिवालिक पब्लिक स्कूल ने पेरेंट्स को भेज मैसेज में लिखा- सुरक्षा कारणों से स्कूल को तुरंत बंद किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर सभी बच्चों को घर भेजा जा रहा है। जिन बच्चों का आना-जाना निजी वाहन से होता है, उनके पेरेंट्स जल्द से जल्द स्कूल आकर उन्हें ले जाएं। जो बच्चे स्कूल बस से आते-जाते हैं, उन्हें बस से उनके तय स्टॉप पर छोड़ दिया जाएगा। कृपया अपने बच्चे को लेने के लिए समय पर पहुंचें।

फरवरी में दो बार मिली थी स्कूलों को धमकी
- 11 फरवरी 2026: मोहाली के 16 निजी स्कूलों के अलावा जीरकपुर और खरड़ के एक-एक स्कूल को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। एहतियात के तौर पर सभी स्कूल खाली कराए गए, लेकिन पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था।
- 17 फरवरी 2026: पहली घटना के छह दिन बाद शिवालिक पब्लिक स्कूल (फेज-6), ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल (फेज-2) और द मिलेनियम स्कूल (फेज-5) को फिर धमकी भरे ईमेल मिले। उस समय बोर्ड परीक्षाएं चल रही थीं। पुलिस ने पूरे परिसर की तलाशी ली, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला था।
पंजाब में पीएम की सुरक्षा पर सवाल, 2 मामले
- जनवरी 2026: PM नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से एक दिन पहले 31 जनवरी को जालंधर के 4 स्कूलों में बम ब्लास्ट की धमकी मिली थी। कैंब्रिज स्कूल, केएमवी संस्कृति स्कूल, ब्रिटिश ओलिवा स्कूल और सीजेएस पब्लिक स्कूल को धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। हालांकि जांच के दौरान कुछ नहीं मिला था।
- जनवरी 2022: जनवरी 2022 को पंजाब में पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक हुई थी। हुसैनीवाला जाते समय प्यारेआणा ब्रिज (फ्लाईओवर) पर प्रदर्शनकारी किसानों ने रास्ता जाम कर दिया था। इस वजह से पीएम का काफिला लगभग 15-20 मिनट तक फंसा रहा था। इसके बाद पीएम बिना रैली किए बठिंडा एयरपोर्ट वापस लौट गए थे।
***********
ये खबर भी पढ़ें:
PM के पंजाब दौरे से पहले ट्रेन में खालिस्तानी नारे: आतंकी पन्नू ने वीडियो जारी किया; खालड़ा का भी जिक्र, इन्हीं पर बनी ‘सतलुज’ बैन हुई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से पहले फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) ने जारी किया है। वीडियो में दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के डिब्बों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ और ‘मोदी मुर्दाबाद’ जैसे नारे लिखे दिखाई दे रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)



