Last Updated:
सीकर जिले के रींगस में यूनियन बैंक के बाहर खड़ी कार से दिनदहाड़े करीब 4 लाख रुपए से भरा बैग चोरी हो गया. वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, जिसमें आरोपी बैग लेकर ई-रिक्शा से फरार होता दिखाई दिया. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है.
सीकर. जिले के रींगस कस्बे में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. यूनियन बैंक के बाहर खड़ी एक कार से करीब 4 लाख रुपए से भरा बैग चोरी हो गया. घटना उस समय हुई जब कार चालक बैंक के अंदर अपने काम से गया हुआ था. इसी दौरान एक अज्ञात युवक मौके पर पहुंचा और कार में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया. पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है.
जानकारी के अनुसार, परसरामपुरा रीको औद्योगिक क्षेत्र निवासी रोहिताश बिजारणियां किसी आवश्यक कार्य से यूनियन बैंक पहुंचे थे. उन्होंने अपनी कार बैंक के बाहर खड़ी की और बैंक के अंदर चले गए. इसी बीच एक अज्ञात युवक कार के पास पहुंचा और उसमें रखा करीब 4 लाख रुपए से भरा बैग चोरी कर लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से वहां से निकल गया. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बैग चोरी करने के बाद आरोपी पास में खड़े एक ई-रिक्शा में बैठकर मौके से फरार हो गया. घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. जब कार चालक बैंक से बाहर लौटे तो उन्हें बैग गायब मिला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रींगस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस आसपास के मार्गों और संभावित भागने के रास्तों की भी जांच कर रही है. रींगस थानाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि कार से रुपयों से भरा बैग चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई है. पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वाहन में नकदी या अन्य कीमती सामान बिना सुरक्षा के न छोड़ें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें



