Last Updated:
Telangana News: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में POCSO मामले के आरोपी राजू कुमार पर छह लोगों की हत्या का आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार उसने पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या की फिर नाबालिग पीड़िता, उसकी मां और दादी को भी मार डाला. घटना के बाद आरोपी ने अपने परिजनों को फोन कर दोनों परिवारों को खत्म करने की बात कही और फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. यह मामला जमानत पर बाहर आए गंभीर आरोपियों की निगरानी और पीड़ित परिवारों की सुरक्षा को लेकर कई अहम सवाल खड़े कर रहा है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में POCSO मामले के आरोपी पर पत्नी, बच्चों और पीड़ित परिवार समेत छह लोगों की हत्या का आरोप है.
न्यूज18 तेलुगु
नई दिल्ली: एक आदमी अपने परिवार के लिए जान की बाजी लगा देता है. अगर परिवार खतरे में है तो वह अपने परिवार के लिए कुछ भी करने को तैयार होता है. लेकिन तेलंगाना से ठीक उसके उलट मामला सामने आया है. रंहारेड्डी जिले में राजू कुमार नाम के शख्स पर POCSO का मामला दर्ज हुआ. इसके बाद राजू ऐसा खूनी खेल खेला जिसने दो परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया. आरोप है कि जमानत पर बाहर आने के बाद उसने पहले अपने ही घर में पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी. इसके बाद वह उस नाबालिग पीड़िता के घर पहुंचा, जिसके परिवार ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. वहां उसने पीड़िता, उसकी मां और दादी की भी बेरहमी से हत्या कर दी. इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है और एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि गंभीर मामलों में जमानत पर छूटे आरोपियों की निगरानी कितनी प्रभावी है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी राजू कुमार अभी फरार है और उसकी तलाश के लिए स्पेशल टीम बनाई गई है. अधिकारियों का कहना है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने परिवार में बचे लोगों को फोन कर कहा कि उसने ‘दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है’ और अब वह खुद भी जान देने वाला है. इस सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो छह शव मिले. मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है.
एक रात में उजड़ गए दो परिवार
- रंगारेड्डी जिले के शाबाद मंडल के दैवाला गुड़ा गांव में हुई इस घटना ने पूरे तेलंगाना को झकझोर दिया. पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय राजू कुमार पहले से POCSO मामले में आरोपी था और जमानत पर बाहर आया हुआ था. आरोप है कि उसने पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या की. इसके बाद वह उस नाबालिग लड़की के घर पहुंचा, जिसके परिवार ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. वहां उसने लड़की, उसकी मां और दादी की भी हत्या कर दी.
- पुलिस अधिकारी ने बताया ‘कल 35 वर्षीय राजू कुमार, जो POCSO मामले में आरोपी है, ने कथित तौर पर छह लोगों की हत्या कर दी. मृतकों में नाबालिग लड़की, उसकी मां, उसकी दादी, उसकी पत्नी और उसके दो बच्चे शामिल हैं. क्राइम करने के बाद उसने अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. हम मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपी की तलाश जारी है. आरोपी पहले POCSO मामले में गिरफ्तार हुआ था और जमानत पर बाहर था. आगे की जांच जारी है.’
- वारदात के बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है. फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है.
जमानत पर बाहर आने के बाद बढ़ा गुस्सा
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी के खिलाफ 16 मई को नाबालिग से जुड़े POCSO मामले में शिकायत दर्ज हुई थी. गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत से जमानत मिल गई थी. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी की गतिविधियां कैसी थीं और क्या उसने पहले से इस वारदात की योजना बनाई थी.
कई सवाल छोड़ गई यह घटना
इस सामूहिक हत्याकांड ने कानून व्यवस्था और गंभीर अपराधों में आरोपियों की निगरानी को लेकर बहस छेड़ दी है. हालांकि अभी जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों की पुष्टि कर रही है, लेकिन यह मामला दिखाता है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़ित परिवारों की सुरक्षा और आरोपियों की निगरानी कितनी महत्वपूर्ण होती है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
About the Author

सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…और पढ़ें



