Last Updated:
Tonk Liquor Smuggling: देवली में पुलिस और DST ने बड़ी कार्रवाई करते हुए NH-52 पर एक करोड़ रुपये की अवैध शराब से भरा कंटेनर पकड़ा. कंटेनर से हरियाणा निर्मित 1500 पेटी शराब बरामद हुई. शराब पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी, पुलिस ने चालक को डिटेन कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
टोंक. जिले के देवली से अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है. देवली थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हरियाणा निर्मित अवैध शराब से भरे एक कंटेनर को पकड़ा है. पुलिस के अनुसार कंटेनर में करीब 1500 पेटी अवैध शराब भरी हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है. कार्रवाई के बाद पुलिस ने कंटेनर चालक को डिटेन कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, अवैध शराब से भरा यह कंटेनर पंजाब से गुजरात ले जाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस को अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली. सूचना के आधार पर देवली पुलिस और DST की टीम ने निगरानी शुरू की और संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान कंटेनर से बड़ी मात्रा में हरियाणा निर्मित शराब बरामद हुई.
NH-52 पर सीओ ऑफिस के पास दबोचा कंटेनर
पुलिस की यह कार्रवाई NH-52 पर देवली सीओ ऑफिस के पास की गई. टीम ने संदिग्ध कंटेनर को रुकवाकर जांच की. कंटेनर के अंदर शराब की पेटियां देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. इसके बाद शराब को जब्त कर कंटेनर को पुलिस थाने ले जाया गया. बरामद शराब की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है. अवैध शराब के खिलाफ यह कार्रवाई देवली थानाधिकारी प्रीति रत्नू, CO मदन ढाका और DST इंचार्ज ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में की गई. टीम ने सूचना के आधार पर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसके लिए भेजी गई थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
SP रोशन मीना कर रहे कार्रवाई की मॉनिटरिंग
पूरे मामले की SP रोशन मीना की ओर से मॉनिटरिंग की जा रही है, पुलिस कंटेनर चालक से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लोड की गई थी और गुजरात में इसकी डिलीवरी किस स्थान पर होनी थी. पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें