Last Updated:
Tonk News: टोंक जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के सोहेला गांव में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर 18 लाख रुपये नकद और करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. घटना के समय परिवार के सदस्य अस्पताल और जागरण में गए हुए थे. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है.
टोंक. जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के सोहेला गांव में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है. पीड़ित परिवार के अनुसार चोर करीब 18 लाख रुपये नकद और लगभग डेढ़ किलो चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है. जानकारी के अनुसार, सोहेला गांव निवासी भैरुलाल बैरवा के परिवार के सदस्य घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे. परिवार का एक सदस्य बीमार बच्चे को लेकर अस्पताल गया हुआ था, जबकि अन्य परिजन टोंक स्थित अन्नपूर्णा डूंगरी में आयोजित जागरण में शामिल होने गए थे. घर पर केवल एक बुजुर्ग सदस्य मौजूद थे. इसी दौरान चोरों ने सुनसान मकान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया.
बताया जा रहा है कि चोर मकान में घुसने के बाद सीधे उस स्थान तक पहुंचे, जहां नकदी और आभूषण रखे हुए थे. चोरों ने अनाज रखने की लोहे की कोठी में रखे 18 लाख रुपये नकद निकाल लिए. इसके अलावा करीब एक किलो चांदी की कड़ियां और आधा किलो चांदी की कनकती भी चोरी कर ली. वारदात के बाद चोर मौके से आसानी से फरार हो गए. परिवार के घर लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
अनाज की लोहे की कोठी में रखी थी नकदी
घटना की सूचना मिलते ही बरौनी थाने के एएसआई सुरेन्द्र सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है. दिनदहाड़े नहीं बल्कि परिवार की गैरमौजूदगी में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से सोहेला गांव के लोगों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है. पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई जा रही जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें



