दिल्ली के बवाना में एक बस ड्राइवर द्वारा नर्सरी की छात्रा से स्कूल के अंदर ही चॉकलेट का लालच देकर यौन शोषण करने का मामला सामने आया है।पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ पॉक्सो में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
हेमंत कुमार पांडेय, नई दिल्ली
दिल्ली के बवाना इलाके के प्रतिष्ठित स्कूल परिसर में एक बस ड्राइवर कई दिनों से तीन वर्षीय बच्ची का यौन शोषण कर रहा था। परिजनों ने जब बच्ची के निजी अंगों पर चोट के निशान देखे, तो उन्हें ड्राइवर की दरिंदगी का पता चला। पुलिस ने रविवार को पॉक्सो की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपी बस ड्राइवर 31 वर्षीय विकास को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित बच्ची बवाना इलाके में अपने माता-पिता के साथ रहती है। परिजनों ने इसी साल उसका दाखिला इलाके के एक स्कूल में कराया था।
बच्ची की मां ने बताया कि 19 अगस्त की रात जब वह बच्ची के कपड़े बदल रही थीं तब ही उन्होंने बच्ची के निजी अंगों पर चोट के निशान देखे। उन्होंने फौरन इसकी जानकारी अपने पति को दी। इसके बाद माता-पिता ने बेटी से चोट के बारे में पूछा तो उसने बताया कि स्कूल में एक बैड अंकल हैं, जो उसे चॉकलेट देते हैं। बच्ची के अनुसार, उसी बैड अंकल ने उसके साथ यह हरकत की है। हालांकि, बच्ची नाम बताने में असमर्थ थी। इसके बाद परिजनों ने स्कूल प्रशासन को इस घटना की सूचना दी।
स्कूल प्रिंसिपल ने 24 अगस्त को बच्ची को माता-पिता के साथ स्कूल बुलाया। इसके बाद बच्ची ने फोटो देखकर आरोपी को पहचाना। स्कूल प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी दिखाई, तो बच्ची ने आरोपी को पहचान लिया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद एसआई आयुषी ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी बस ड्राइवर को स्कूल परिसर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आठ माह से स्कूल की बस चलाता था। वह बेरोकटोक स्कूल परिसर में घूमा करता था।
बाथरूम जाते वक्त ज्यादती
स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला है कि आरोपी विकास जेब में चॉकलेट लेकर घूमता रहता था। उसने पीड़ित बच्ची को बाथरूम जाते हुए देखा, तो उसका पीछा किया। उसे चॉकलेट दी और सीढ़ियों के नीचे यौन शोषण किया। अभी तक की जांच में सामने आया है कि विकास इससे पहले चार बार पीड़िता का यौन शोषण कर चुका है।
चॉकलेट देते वीडियो मिले
पुलिस ने आरोपी विकास के मोबाइल फोन को जब्त कर उसकी जांच की तो उसमें कई वीडियो मिले। इनमें वह स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों को चॉकलेट खिलाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस का मानना है कि विकास ने और भी बच्चों को अपना शिकार बनाया होगा। फिलहाल पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे बच्चों की काउंसलिंग करा रही है।



