प्रयागराज में बेटी की मौत का बदला लेने के लिए दामाद के भाई का अपहरण कर उसी दिन पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव कौशांबी के महिला घाट के पास यमुना में फेंक दिया गया। करीब एक सप्ताह से लापता मोनू कुशवाहा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है।
UP News: यूपी के प्रयागराज से एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। जहां बेटी की मौत का बदला लेने के लिए दामाद के भाई का अपहरण कर उसी दिन पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव कौशांबी के महिला घाट के पास यमुना में फेंक दिया गया। करीब एक सप्ताह से लापता मोनू कुशवाहा हत्याकांड का पूरामुफ्ती पुलिस ने बुधवार को खुलासा किया। पुलिस ने वारदात में शामिल चाचा-भतीजे और एक महिला को गिरफ्तार किया है। अपहरण में इस्तेमाल दो कारें भी बरामद हुई हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस और पीएसी की टीम यमुना में शव की तलाश कर रही है। पुलिस वारदात में शामिल अन्य चार आरोपी रॉकी, ऋषि, अजय और वीरेंद्र की तलाश कर रही है।
मूलरूप से कौशांबी के महगांव निवासी 33 वर्षीय मोनू कुशवाहा ड्राइवर था। उसके छोटे भाई राजकुमार ने करीब डेढ़ साल पहले सरायअकिल के कूरा गांव निवासी नेक कुमार की बेटी अनुराधा से लव मैरिज किया था। 10 अगस्त को अनुराधा का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला था। मामले में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई और राजकुमार, उसके पिता महेश प्रसाद और मां रानी देवी को पुलिस ने जेल भेज दिया था। वहीं मोनू, उसकी पत्नी सोना और बहन राधा भी मुकदमे में नामजद थे।
बेटी की मौत का बदला लेने के लिए की हत्या
इधर, 19 अगस्त को पूरामुफ्ती थाने के पास मिठाई की दुकान के समीप कार सवार लोगों ने मोनू का अपहरण कर लिया। उसके मामा कमलेश कुमार ने 20 अगस्त को पूरामुफ्ती थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और बुधवार को कुसुवां रेलवे फाटक के पास नेक कुमार और उसके भतीजे पुनीत मौर्या को गिरफ्तार कर लिया। अपहरण में सहयोग के आरोप में नेक कुमार की कथित महिला मित्र खुशबु को भी पकड़ा गया। पूछताछ में नेक कुमार ने बेटी की मौत का बदला लेने के लिए मोनू के अपहरण और हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मोनू की हत्या के बाद महिला घाट के पास शव यमुना में फेंक दिया था। पूछताछ में वारदात में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी भी मिली है।
अनुराधा की राजकुमार से हुई थी दूसरी शादी
सरायअकिल के कूरा गांव निवासी नेक कुमार की बेटी अनुराधा की राजकुमार से दूसरी शादी हुई थी। उसकी पहली शादी झूंसी में एक कांस्टेबल से हुई थी। हालांकि अनबन के बाद शादी टूट गई और वह मायके चली गई। इसके बाद उसने राजकुमार से प्रेम विवाह किया था। करीब डेढ़ साल बाद दस अगस्त को अनुराधा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उस वक्त अनुराधा पांच माह की गर्भवती थी। ससुरालियों ने अनुराधा के फांसी लगाने की बात कही थी, जबकि नेक कुमार ने ससुरालियों के खिलाफ संदीपन घाट थाने में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।



