Homeट्रैवलबेहद खूबसूरत हैं नैनीताल के आसपास की ये हिडन लोकेशन, जहां नहीं...

बेहद खूबसूरत हैं नैनीताल के आसपास की ये हिडन लोकेशन, जहां नहीं पहुंच पाते ज्यादातर टूरिस्ट


Last Updated:

Hidden Tourist Places Near Nainital: उत्तराखंड का नैनीताल सिर्फ नैनी झील, मॉल रोड और स्नो व्यू तक ही सीमित नहीं है. शहर के आसपास कई ऐसे खूबसूरत और शांत पर्यटन स्थल भी हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं. यही वजह है कि यहां पर्यटकों की भीड़ भी नहीं होती और प्रकृति का असली आनंद लेने का मौका मिलता है. अगर आप इस बार नैनीताल की यात्रा पर आ रहे हैं, तो इन जगहों पर जरूर जाएं.

नैनीताल से कुछ दूरी पर स्थित विनायक प्रकृति प्रेमियों और ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए बेहतरीन जगह है. यहां से हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों का शानदार नजारा दिखाई देता है. घने देवदार और बांज के जंगल इस स्थान को और आकर्षक बनाते हैं. यहां पर्यटकों की भीड़ कम रहती है, इसलिए सुकून से समय बिताया जा सकता है. सूर्योदय और सूर्यास्त का दृश्य बेहद मनमोहक होता है. फोटोग्राफी के लिए भी यह शानदार लोकेशन है, अगर आप शांति और प्राकृतिक सुंदरता की तलाश में हैं, तो नैनीताल के पास स्थित विनायक जरूर जाएं.

मंगोली नैनीताल के पास स्थित एक खूबसूरत व्यू पॉइंट है, जहां से झील, पहाड़ और घाटियों का विहंगम दृश्य दिखाई देता है. यह जगह अब धीरे-धीरे लोकप्रिय हो रही है, लेकिन अभी भी यहां ज्यादा भीड़ नहीं पहुंचती. सुबह और शाम का नजारा बेहद आकर्षक होता है. शांत वातावरण के कारण यह परिवार और कपल्स दोनों के लिए पसंदीदा स्थान बन सकता है. यहां से फोटो और वीडियो बेहद शानदार आते हैं. प्रकृति के बीच कुछ पल बिताने के लिए यह बेहतरीन विकल्प है.

आलूखेत नैनीताल का एक शांत और हरियाली से भरपूर इलाका है. यहां दूर-दूर तक फैले जंगल और खुला प्राकृतिक वातावरण मन को सुकून देता है. भीड़भाड़ से दूर होने के कारण यह जगह पिकनिक, फोटोग्राफी और प्रकृति के बीच समय बिताने वालों के लिए उपयुक्त है. यहां का मौसम सालभर सुहावना बना रहता है. पक्षियों की चहचहाहट और ठंडी हवा इस स्थान को और खास बना देती है. अगर आप शहर की भागदौड़ से दूर आराम चाहते हैं, तो आलूखेत आपके लिए बेहतरीन विकल्प है. नैनीताल के पास होने के बावजूद भी यह जगह हिडन है, अगर आप नैनीताल आ रहे हैं तो इस जगह पर जरूर आएं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

नैनीताल के पास स्थित शीतला  बेहद खूबसूरत और प्रकृति के रंगों से सराबोर है, यह जगह पहाड़ों की गोद में बसी हुई है. यहां से दिखने वाले हिमालय के खूबसूरत नजारे आपका दिल छू जाएंगे. यहां स्थित महादेव के मंदिर में स्थानीय लोगों की गहरी श्रद्धा है. पहाड़ों और जंगलों से घिरा यह स्थान बेहद शांत माहौल प्रदान करता है. मानसून और सर्दियों में इसकी खूबसूरती और बढ़ जाती है. फोटोग्राफी और आध्यात्मिक अनुभव के लिए यह शानदार जगह मानी जाती है.

घने जंगलों के बीच स्थित गरुड़ताल नैनीताल के सबसे शांत पर्यटन स्थलों में से एक है. यह जगह नैनीताल के पास स्थित सातताल के पास स्थित है.  यहां पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या काफी कम होती है. ताल के आसपास का प्राकृतिक खूबसूरती और पक्षियों की आवाज इसे खास बनाती है. प्रकृति प्रेमी यहां घंटों सुकून से समय बिता सकते है. ट्रेकिंग और फोटोग्राफी के लिए भी यह शानदार जगह है. अगर आप भीड़ से दूर प्रकृति के करीब जाना चाहते हैं, तो गरुड़ताल जरूर घूमें. वहीं गरुड़ताल के पास ही सातताल स्थित है, यह जगह प्रकृति प्रेमियों के साथ ही बर्ड वाचर्स के लिए

नैनीताल के पास स्थित श्यामखेत अपनी हरियाली, ठंडी हवा और खूबसूरत नजारे के कारण तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. भवाली- मुक्तेश्वर रोड पर स्थित यह जगह बेहद खास है और यहां से आसपास की घाटियों का शानदार नजारा दिखाई देता है. यह स्थान शांत वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है. सुबह के समय दूर दूर तक फैली हरियाली इस जगह को और खास बनाती है. यहां कई कॉटेज और रिज़ॉर्ट्स बन चुके हैं.  यहां फोटोग्राफी और वीकेंड ट्रिप का अलग ही अनुभव मिलता है. साथ ही यहां नानतिन बाबा का आश्रम भी स्थित है. जो इस जगह को आध्यात्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बनाता है.

गागर नैनीताल क्षेत्र का एक शानदार व्यू पॉइंट है, जहां से हिमालय की ऊंची चोटियां साफ दिखाई देती हैं. मुक्तेश्वर रोड पर स्थित यह जगह बेहद खूबसूरत है. देवदार और चीड़ के जंगल इस स्थान की खूबसूरती बढ़ाते हैं. यहां का शांत वातावरण पर्यटकों को प्रकृति के बेहद करीब ले जाता है. सूर्योदय और सूर्यास्त देखने के लिए यह बेहतरीन जगह मानी जाती है. ट्रेकिंग और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए भी गागर किसी जन्नत से कम नहीं है. इससे आगे कई खूबसूरत ट्रेक होकर गुजरते हैं.

नैनीताल जिले का हैड़ाखान धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन का अनोखा केंद्र है. यहां स्थित हैड़ाखान बाबा आश्रम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है. पहाड़ों और नदी के बीच बसा यह स्थान आध्यात्मिक शांति का अनुभव कराता है. यहां का वातावरण बेहद शांत और सकारात्मक माना जाता है. प्रकृति, अध्यात्म और सुकून का अद्भुत संगम देखने के लिए हैड़ाखान एक शानदार जगह है.

गरमपानी नैनीताल और अल्मोड़ा मार्ग पर स्थित एक खूबसूरत पड़ाव है. यहां बहती नदी, पहाड़ और हरियाली यात्रियों को आकर्षित करती है. स्थानीय फलों, खासकर काफल और आड़ू के मौसम में यह जगह और भी ज्यादा खास बन जाती है. यहां स्थित फ्रॉग पॉइंट पर्यटकों को आकर्षित करता है. यहां पर्यटक रील बनाते, फोटो खींचते नजर आते हैं. यहां का शांत माहौल और प्राकृतिक दृश्य आपको ट्रिप को और यादगार बना देंगे. यहां आप स्थानीय पहाड़ी भोजन का स्वाद भी ले सकते हैं.

अगर आप नैनीताल आकर शांत और भीड़ से दूर सुकून के पल बिताना चाहते हैं, तो इन जगहों को आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें. यहां आपको प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी नजारे, घने जंगल, धार्मिक आस्था और स्थानीय संस्कृति दिखने को मिलेगी. कम भीड़ होने के कारण आप आराम से प्रकृति का आनंद ले सकते हैं और यादगार तस्वीरें भी कैद कर सकते हैं. ये अनदेखे पर्यटन स्थल आपकी नैनीताल ट्रिप को पहले से कहीं ज्यादा खास बना देंगे.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments