Homeटेक्नोलॉजी'अगर मुझे कुछ हुआ तो पुलिस होगी जिम्मेदार',: सोशल मीडिया पर...

‘अगर मुझे कुछ हुआ तो पुलिस होगी जिम्मेदार’,: सोशल मीडिया पर फिर फूटा डिंपल चौधरी का गुस्सा; बोली- पुलिस ने शिकायत लेने में चार घंटे तक बैठाया – Sonipat News




हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी से एक करोड़ रुपये की कथित फिरौती मांगने, जान से मारने की धमकी देने और उन पर हुए हमले के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में शिकायत दर्ज कराने के लिए डिंपल चौधरी सूरजपुर थाने पहुंचीं, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने शिकायत लेने में ही करीब साढ़े तीन से चार घंटे लगा दिए। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो जारी कर सुरजपुर थाना उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। डिंपल चौधरी ने कहा कि जब आम लोगों की सुरक्षा की बात आती है तो पुलिस की कार्यप्रणाली बेहद धीमी हो जाती है, जबकि छोटी-छोटी घटनाओं में भी तुरंत कार्रवाई कर दी जाती है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी जा रही है और उनकी गाड़ी पर हमला भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने साफ कहा कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। डिंपल चौधरी ने वीडियो जारी कर क्या कहा…6 पॉइंट में पढ़िए शिकायत लेने में ही लगा दिए साढ़े 4 घंटे: डिंपल चौधरी ने वीडियो में कहा कि वह अपने अधिवक्ता के साथ सूरजपुर थाने शिकायत देने पहुंची थीं। उनका आरोप है कि दोपहर करीब 12:30 बजे से लेकर शाम करीब 4 बजे तक पुलिस ने सिर्फ शिकायत लेने की प्रक्रिया में ही समय लगा दिया। उन्होंने कहा कि जब एफआईआर दर्ज कराने में ही इतना वक्त लग रहा है तो कार्रवाई होने में पूरी जिंदगी निकल जाएगी। अगर पुलिस वालों के घर कुछ हो जाए तो चार घंटे में कार्रवाई: पुलिस पर निशाना साधते हुए डिंपल चौधरी ने कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी के घर का कुत्ता भी मर जाए या उनकी बेटी का मोबाइल चोरी हो जाए तो चार घंटे के भीतर आरोपी पकड़ लिए जाते हैं। लेकिन जब एक आम नागरिक की जान पर बन आती है तो उसकी कोई सुनवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि आखिर आम इंसान की जान की कोई कीमत क्यों नहीं है, जबकि हर व्यक्ति की जिंदगी बराबर होती है। एक करोड़ की फिरौती, जान से मारने की धमकियां और गाड़ी पर हमला: डिंपल चौधरी ने बताया कि उनसे एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फोन पर उन्हें और उनके भाई-बहनों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। इसके अलावा उनकी गाड़ी पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त किया गया। उनका कहना है कि इतने गंभीर मामले के बावजूद पुलिस ने अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की। थाने में पूछ लिया, अभी आपका शोषण तो नहीं हुआ:
डिंपल चौधरी ने आरोप लगाया कि जब वह शिकायत देने थाने पहुंचीं तो वहां उनसे कहा गया कि “अभी आपका शोषण तो नहीं हुआ है।” उन्होंने इस टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि क्या पुलिस इस इंतजार में बैठी है कि पहले उनका अपहरण हो, उन पर दोबारा हमला हो या उनकी हत्या हो जाए, तब जाकर कार्रवाई की जाएगी। हमले के बाद दो घंटे तक नहीं आया होश: डिंपल चौधरी ने बताया कि जिस दिन उनकी गाड़ी पर हमला हुआ, उस घटना से वह इतनी सदमे में थीं कि करीब दो घंटे तक उन्हें होश नहीं आया। उन्होंने कहा कि यदि वह उस समय अपनी गाड़ी लेकर वहां से नहीं निकलतीं तो शायद आज जिंदा नहीं होतीं। उस समय उनके पास अपनी सुरक्षा के लिए कोई हथियार भी नहीं था। न कोई सुरक्षा मिली, न बेखौफ होकर निकल सकती हूं:डिंपल चौधरी ने कहा कि लगातार धमकियों के बावजूद उन्हें किसी प्रकार की सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि आज वह खुलेआम बाहर निकलने से भी डर महसूस करती हैं। उनके पास उस दिन की वीडियो भी मौजूद है, जब वह खुशी-खुशी घर से निकली थीं, लेकिन कुछ ही देर बाद उन पर हमला हो गया। शिकायत को लेकर पुलिस पर भड़की डांसर ने क्या कहा… थाना क्षेत्र बताकर भी शिकायत लेने से बचती रही पुलिस: डिंपल चौधरी ने बताया कि सूरजपुर थाने में उन्हें यह कहकर वापस भेजने की कोशिश की गई कि घटना किसी दूसरे थाना क्षेत्र की है और वहीं जाकर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि वह सूरजपुर थाना क्षेत्र के आसपास रहती हैं, इसलिए उन्होंने यहीं शिकायत देने की बात कही। मैं डरने वाली नहीं, शेरनी हूं:वीडियो में डिंपल चौधरी ने धमकी देने वालों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि उन्हें डराने की कोशिश करने वाले गलतफहमी में हैं। उन्होंने कहा कि वह चुप बैठने वाली नहीं हैं। यदि पुलिस यह सोचती है कि दबाव बनाकर उन्हें शांत करा देगी तो यह उसका भ्रम है। उन्होंने कहा कि वह शेरनी हैं और खुलेआम घूमती रहेंगी। एक गाड़ी गई तो क्या हुआ, दस और खरीदने की हिम्मत रखती हूं:डिंपल चौधरी ने कहा कि उनकी एक गाड़ी पर हमला हुआ है तो इससे वह टूटने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास मेहनत के दम पर दस और गाड़ियां खरीदने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनका नाम खत्म करना चाहते हैं, लेकिन उनका नाम पहले भी चलता था और आगे भी चलता रहेगा। पुलिस के भरोसे मत बैठो, मैं भी अब चुप नहीं रहूंगी: डिंपल चौधरी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सिर्फ पुलिस के भरोसे बैठना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि वह भी अब चुप नहीं बैठेंगी और जो भी करना होगा, मौके पर ही करेंगी। उनका कहना है कि अब वह हर घटना के खिलाफ खुलकर आवाज उठाएंगी। अगर मुझे कुछ हुआ तो जिम्मेदार होगी पुलिस: वीडियो के आखिर में डिंपल चौधरी ने कहा कि यदि लगातार मिल रही धमकियों और हमलों के बीच भविष्य में उनके साथ कोई अनहोनी होती है या उनकी मौत हो जाती है तो इसके लिए पूरी तरह पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में उनकी मां, एक भाई और एक बहन हैं, जिनकी जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। वह ही घर चलाती हैं और उनकी कमाई से ही भाई-बहन पढ़ाई कर रहे हैं तथा परिवार का गुजारा हो रहा है। डांसर ने थाने में क्या शिकायत दी,पढ़िए.. सूरजपुर थाने में दी लिखित शिकायत हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के सूरजपुर (नोएडा) थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे वह और उनका परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने पुलिस से तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 18 जून को आई फिरौती की कॉल शिकायत के अनुसार, 18 जून को डिंपल चौधरी के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने एक करोड़ रुपये की मांग करते हुए कहा कि यदि रकम नहीं दी गई तो उसके घर से “एक-47 निकाल दूंगा”। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने एक करोड़ रुपये नहीं देने पर उनके भाई और बहन की हत्या करने की धमकी दी। साथ ही डिंपल चौधरी को भी जान से मारने की धमकी देते हुए कहा गया कि “तुझे भी जिंदा नहीं छोड़ूंगा।” धमकी के बाद घबरा गई डिंपल चौधरी डिंपल चौधरी ने शिकायत में लिखा है कि इस तरह की धमकी मिलने के बाद वह काफी घबरा गईं। लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्हें अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। 24 जून को कार पर हमला करने का आरोप शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 24 जून को वह अपनी गाड़ी से सिकंदराबाद रोड पर जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात व्यक्ति उनकी कार के पास पहुंचे। आरोप है कि उनमें से एक व्यक्ति ने डंडे से उनकी गाड़ी के सामने वाले शीशे पर हमला कर उसे तोड़ दिया। डिंपल चौधरी का कहना है कि यह घटना भी उन्हें लगातार मिल रही धमकियों का हिस्सा है। एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग डिंपल चौधरी ने पुलिस से मांग की है कि मामले में तुरंत प्रभाव से एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments