- Hindi News
- National
- CDS General Subramani Statement | Agniveer Service Extension Policy Update
नई दिल्ली5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने अग्निवीरों की सेवा अवधि बढ़ाने की जानकारी दी।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को अग्निवीरों की सेवा अवधि दो साल बढ़ाने का ऐलान किया। अब अग्निवीरों को चार साल की जगह छह साल तक सेवा करने का मौका मिलेगा।
चार साल का कार्यकाल पूरा करने वाले 75% अग्निवीरों को यह अतिरिक्त सेवा अवधि दी जाएगी। इसके बाद सेना में बने रहने के इच्छुक अग्निवीर तय चयन प्रक्रिया के तहत नियमित बलों में भर्ती हो सकेंगे।
CDS के मुताबिक, बेहतर प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को परमानेंट नौकरी का मौका मिलेगा। एक्सटेंशन पाने वालों को बढ़ा हुआ वेतन और भत्ते भी दिए जाएंगे। फिलहाल देश की तीनों सेनाओं में करीब 3.18 लाख अग्निवीर सेवा दे रहे हैं।
अग्निपथ योजना में 25% अग्निवीरों को परमानेंट नौकरी का नियम
अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को शुरू हुई थी। इसके तहत थल सेना, वायुसेना और नौसेना में युवाओं को चार साल के लिए भर्ती किया जाता है।
योजना के नियम के मुताबिक, हर बैच के अधिकतम 25% अग्निवीरों को चार साल की सेवा के बाद नियमित सेना में शामिल किया जा सकता है। इसके लिए उनके काम और प्रदर्शन के साथ सेना की जरूरतों को भी देखा जाता है।
अब बाकी 75% अग्निवीरों को दो साल और सेवा करने का मौका मिलेगा। छह साल पूरे होने के बाद जो अग्निवीर सेना में रहना चाहेंगे, वे नियमित भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें तय चयन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
दिसंबर तक 18,300 अग्निवीरों का कार्यकाल पूरा होना था
आंकड़ों के मुताबिक, 31 दिसंबर तक पहले बैच के करीब 18,300 अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है। ये पहले बैच में भर्ती हुए 24,400 अग्निवीरों का करीब 75% हैं।
पहले तय योजना के मुताबिक, नवंबर के मध्य से 75% अग्निवीरों को चरणबद्ध तरीके से सेवा से बाहर किया जाना था। नई व्यवस्था के तहत अब इन्हें दो साल का अतिरिक्त समय मिलेगा। यह सेवा विस्तार अग्निवीरों की सहमति से होगा।
वायुसेना ने पहले बैच के 712 अग्निवीरों को बनाए रखने का फैसला किया
पिछले महीने भारतीय वायुसेना ने अपने पहले अग्निवीर वायु बैच के 2,850 रिक्रूट्स में से 712 को नियमित सेवा में बनाए रखने का फैसला किया था।
