Last Updated:
Ajmer Crime News: अजमेर के जेएलएन अस्पताल के बाहर दो बदमाशों ने खुद को गरीब बताकर मदद मांगने के बहाने महिला को बातों में उलझाया और उसके करीब ढाई लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने उतरवा लिए. बदमाश रुमाल में गहने बांधने का झांसा देकर उसमें पत्थर के टुकड़े बांधकर महिला को थमा गए और मौके से फरार हो गए. रुमाल खोलने पर महिला को ठगी का पता चला.
अजमेर. शहर में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जेएलएन अस्पताल के बाहर दो बदमाशों ने खुद को गरीब बताकर एक महिला को मदद के नाम पर अपनी बातों में उलझाया और विश्वास में लेकर उसके करीब ढाई लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहने उतरवा लिए. इसके बाद बदमाश गहने लेकर मौके से फरार हो गए, महिला को शक न हो, इसके लिए आरोपियों ने रुमाल में पत्थर के टुकड़े बांधकर उसे वापस थमा दिए.
जानकारी के अनुसार, रामबाग भगवानगंज निवासी कांता देवी पत्नी मोहन सिंह अपने परिजन का हाल जानने के लिए जेएलएन अस्पताल पहुंची थी. अस्पताल के बाहर ही दो बदमाशों ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया, आरोपियों ने खुद को गरीब बताते हुए महिला से मदद की गुहार लगाई, उनकी बातों और व्यवहार से महिला को उन पर भरोसा हो गया. बदमाशों ने महिला को इस तरह अपनी बातों में फंसाया कि वह उनकी बात मानने के लिए तैयार हो गई. इसी दौरान आरोपियों ने महिला से उसके पहने हुए सोने-चांदी के आभूषण उतरवा लिए, बताया जा रहा है कि इन गहनों की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपए थी.
रुमाल खोलते ही उड़ गए होश
गहने उतरवाने के बाद बदमाशों ने उन्हें एक रुमाल में बांधने का दिखावा किया. इसके बाद महिला को रुमाल वापस थमा दिया और वहां से निकल गए. कुछ देर बाद जब महिला ने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें गहनों की जगह पत्थर के टुकड़े पड़े थे. यह देखकर उसके होश उड़ गए. महिला को तत्काल समझ आया कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है. उसने आसपास बदमाशों की तलाश की, लेकिन तब तक दोनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अस्पताल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दोनों संदिग्धों की पहचान की जा सके. पुलिस आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है. फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है. पुलिस का मानना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है. घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में लोगों को इस तरह के ठगों से सावधान रहने की सलाह दी जा रही है.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें



