Last Updated:
बूंदी के नैनवां थाना क्षेत्र के धानु गांव में तीन दिन से लापता मनराज का शव उसके खेत के पास बने कच्चे फार्म पॉन्ड में पानी से बरामद हुआ. परिजनों ने नैनवां थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी और मृतक का मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा था. पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया. प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मामला संदिग्ध होने के चलते पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
बूंदी. जिले के नैनवां थाना क्षेत्र के धानु गांव में तीन दिन से लापता चल रहे युवक का शव उसके ही खेत के पास बने कच्चे फार्म पॉन्ड में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान धानु गांव निवासी मनराज के रूप में हुई है. युवक के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने नैनवां थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. वहीं, मृतक का मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा था, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई थी.
परिजनों की शिकायत के बाद नैनवां थाना पुलिस भी मनराज की तलाश में जुटी हुई थी. इसी बीच आज मनराज का शव उसके खेत के पास बने गहरे गड्ढे में जमा पानी में पड़ा मिला. शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए. सूचना मिलने पर नैनवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया गया. मौके से मनराज के कपड़े और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.
मेडिकल बोर्ड से कराया पोस्टमार्टम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नैनवां उपजिला अस्पताल भिजवाया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया मनराज की मौत पानी में डूबने से होना सामने आ रहा है. हालांकि परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. मौके पर पहुंचे डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि मृतक की पत्नी ने नैनवां थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. रिपोर्ट के बाद पुलिस लगातार युवक की तलाश कर रही थी. डीएसपी ने बताया कि आज मनराज का शव उसके खेत के पास पानी से भरे गहरे गड्ढे में बरामद हुआ. मौके से उसके कपड़े और मोबाइल भी मिले हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मनराज की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें



