Last Updated:
पंजाब के अमृतसर में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. शहर के आनंद एवेन्यू इलाके में एक्टिवा को साइड करने को लेकर हुई कहासुनी के बाद दोस्तों ने ही अमित नाम के युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घर के बाहर हुई इस वारदात में अमित को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में 6 गोलियां लगीं है. मृतक के पिता का आरोप है कि हमलावर उसके ही दोस्त थे और तीनों भाई हैं. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
स्कूटी साइड करने को लेकर हुए विवाद में दोस्तों ने ही अपने दोस्त की गोली मारकर जान ले ली.
क्राइम न्यूज. पंजाब के अमृतसर में मामूली विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मामला शहर के आनंद एवेन्यू इलाके का है, जहां 23 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे वारदात को अंजाम दिया गया. इस वारदात में अमित नाम के युवक की जान चली गई. मृतक के पिता का आरोप है कि उनके बेटे को उसके दोस्तों ने ही 6 गोलियां मारीं हैं. प्रारंभिक जांच में एक्टिवा को साइड करने को लेकर विवाद शुरू होने का मामला सामने आया है. वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं. पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है.
मृतक के पिता के अनुसार, अमित की एक्टिवा को साइड करने की बात को लेकर अपने ही दोस्तों से कहासुनी हुई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अमित पर गोलियां चला दीं. घर के बाहर हुई इस वारदात में अमित को कुल छह गोलियां मारी गई हैं, जिसमें दो गोलियां उसके सिर पर लगीं हैं. वहीं एक गोली कमर और एक टांग में लगी है. गोली लगने के बाद अमित मौके पर ही निढाल होकर गिर गया. गोलियों की आवाज सुनने के बाद मौके पर इकट्ठा हुए परिजन और स्थानीय लोग अमित को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पिता बोले- बेटे की किसी से पुरानी रंजिश नहीं थी
अमित के पिता का कहना है कि उनके बेटे की किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी. उन्होंने दावा किया कि विवाद की वजह सिर्फ एक्टिवा को साइड करने की बात थी. इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और फिर उनके बेटे पर गोलियां चला दी गईं. मृतक के पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि उनके बेटे की हत्या करने वालों को सजा मिलनी चाहिए और परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए.
तीन भाइयों पर है अमित की हत्या का आरोप
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मामले में आरोपियों के आपस में तीन भाई होने की बात भी सामने आई है. हालांकि, आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आखिर एक्टिवा को साइड करने को लेकर शुरू हुआ विवाद किस तरह गोलीबारी तक पहुंच गया. फिलहाल, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.