Last Updated:
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण इलाके में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. श्री विट्ठल मंदिर के बाहर कचरे के डिब्बे में एक 6 से 7 दिन की नवजात बच्ची मिली है. सुबह लोगों की नजर बोरी पर पड़ी तो उसके अंदर मासूम बच्ची मिली, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है.
ठाणे के एक मंदिर के बाहर रखे कचरे के डिब्बे में नवजात बरामद की गई है.
Crime News: यह 7 दिन की मासूम अभी दुनिया को ठीक से देख भी नहीं पाई थी कि उसे ऐसी जगह छोड़ दिया गया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण इलाके से सामने आई इस घटना ने लोगों को आक्रोश से भर दिया है. दरअसल, शुक्रवार तड़के चिकनिपाड़ा स्थित श्री विट्ठल मंदिर के बाहर एक पेड़ के नीचे रखे कचरे के डिब्बे से एक नवजात बच्ची को बरामद किया गया है.
जानकारी के अनुसार, सुबह जब मंदिर में आने-जाने वाले लोगों की नजर कचरे के डिब्बे के पास रखी एक बोरी पर पड़ी तो उन्हें कुछ शक हुआ. लोगों ने जब बोरी खोलकर देखी तो अंदर एक नवजात बच्ची मिली. बच्ची के मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय निवासी पूजा दावेकर ने बिना देर किए बच्ची को तुरंत रुक्मणीबाई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया.
अस्पताल में जांच के दौरान राहत की बात यह रही कि बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर पाई गई. डॉक्टरों के मुताबिक नवजात की उम्र करीब 6 से 7 दिन है और उसे जरूरी इलाज दिया जा रहा है. अस्पताल की डॉ. सुलोचना त्रिभुवन ने बच्ची की प्राथमिक जांच की और उसकी देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की है.इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. स्थानीय लोगों ने नवजात को इस तरह लावारिस छोड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
लोगों का कहना है कि एक मासूम को कचरे के डिब्बे में छोड़ना बेहद अमानवीय और शर्मनाक कृत्य है. उधर, अस्पताल प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. बच्ची को आगे की देखभाल और संरक्षण के लिए शिशु गृह भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि उसे सुरक्षित माहौल मिल सके. मामले की सूचना मिलने के बाद कोलसेवाड़ी पुलिस भी हरकत में आ गई है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
इसके अलावा स्थानीय दुकानदारों, मंदिर से जुड़े लोगों और आसपास के निवासियों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति या लोगों की पहचान करने की कोशिश जारी है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें



