Homeअपराधचोरी छोड़ने को कहता था बेटा, गुस्से में खौल उठा पिता, हथौड़े...

चोरी छोड़ने को कहता था बेटा, गुस्से में खौल उठा पिता, हथौड़े से कर दी हत्या; राजकोट में फैल गई सनसनी


गुजरात के राजकोट में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. न्यू नेहरूनगर इलाके में एक पिता ने अपने 33 वर्षीय बेटे की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, मृतक राम अपने पिता बाबूभाई को कथित चोरी की आदत छोड़ने और सुधरने की सलाह देता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. 13 अगस्त की शाम पिता ने बेटे पर हथौड़े से हमला कर दिया. मां के घर पहुंचने पर राम खून से लथपथ मिला. हत्या के बाद आरोपी खुद पुलिस के पास पहुंचा, लेकिन पूछताछ में वारदात कबूल कर ली. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है.

गुजरात के राजकोट से रिश्तों को झकझोर देने वाला हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक पिता ने अपने ही 33 वर्षीय बेटे की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि बेटा अपने पिता की चोरी की आदत से परेशान था और उन्हें बार-बार गलत काम छोड़कर सुधरने की सलाह देता था. यही बात पिता को नागवार गुजरती थी और दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था. आखिरकार घरेलू कलह ने खौफनाक रूप ले लिया और पिता ने बेटे की जान ले ली. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

चोरी छोड़ने को कहता था बेटा, पिता को थी नाराजगी

यह मामला राजकोट शहर के न्यू नेहरूनगर इलाके की गली नंबर-7 का है. यहां बाबूभाई रघाभाई सवसेटा अपने परिवार के साथ रहता था. पुलिस के मुताबिक, बाबूभाई और उसके 33 वर्षीय बेटे राम के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. राम अपने पिता को चोरी-चकारी छोड़कर सही रास्ते पर चलने की सलाह देता था. लेकिन पिता को बेटे की ये बातें पसंद नहीं थीं. इसी मुद्दे को लेकर घर में पहले भी कई बार पिता-पुत्र के बीच झगड़ा हो चुका था.

पुलिस के अनुसार, बाबूभाई ने घर में लोहे की पाइप, कुल्हाड़ी और हथौड़े जैसे हथियार भी रखे हुए थे. परिवार के लोग इन हथियारों को छिपाकर रखते थे, लेकिन विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था.

दोपहर में हुआ झगड़ा, शाम को खूनी वारदात

घटना से पहले 13 अगस्त की दोपहर भी पिता और बेटे के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. इसके बाद शाम करीब साढ़े सात बजे राम की मां हंसाबेन अपनी बेटी के घर गई हुई थीं. उसी दौरान उनके दामाद राजेशभाई उन्हें लेने पहुंचे.

इसी बीच बाबूभाई ने कथित तौर पर बताया कि उसने हथौड़े से वार कर राम की हत्या कर दी है. यह सुनकर परिवार के लोग सकते में आ गए.

जब हंसाबेन घर पहुंचीं तो राम दूसरे कमरे में खून से लथपथ पड़ा था. उसके सिर पर गंभीर चोटें थीं. खास तौर पर बाईं आंख के ऊपर गहरी चोट के निशान मिले. शरीर के दूसरे हिस्सों पर भी चोट के निशान थे और कमरे में जगह-जगह खून फैला हुआ था.

बेटे को मारकर पुलिस के पास पहुंचा पिता

बेटे की हत्या करने के बाद बाबूभाई खुद पुलिस के सामने पहुंच गया. हालांकि शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. उसने बताया कि उसका बेटा बीमार है और उसे अस्पताल ले जाने की जरूरत है.

लेकिन पुलिस की पूछताछ में उसके बयान पर संदेह हुआ. जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपने बेटे पर हथौड़े से हमला करने और उसकी हत्या करने की बात कबूल कर ली.

इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों और आरोपी के बयान की जांच कर रही है.

मां की शिकायत पर केस दर्ज

मृतक की मां हंसाबेन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी बाबूभाई रघाभाई सवसेटा के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), धारा 223 और गुजरात पुलिस एक्ट की धारा 135(1) के तहत कार्रवाई की गई है.

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या की वारदात अचानक गुस्से में हुई या इसके पीछे पहले से कोई योजना थी.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments