Last Updated:
महाराष्ट्र एटीएस ने ठाणे के ठाकुरली इलाके से 10 लाख रुपये के इनामी माओवादी संजय सरजू यादव उर्फ गोदाराम यादव को गिरफ्तार किया है. झारखंड पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी. एटीएस को इंटेल मिला था कि वह पिछले करीब 10 दिनों से ठाकुरली में छिपकर रह रहा है. 45 वर्षीय यादव को झारखंड पुलिस ने वांटेड घोषित कर रखा था. गिरफ्तारी के बाद उसे झारखंड पुलिस को सौंप दिया गया.
ठाणे के ठाकुरली इलाके से 10 लाख रुपये के इनामी माओवादी को महाराष्ट्र एटीएस ने गिरफ्तार किया है. (एआई इमेज)
मुंबई. महाराष्ट्र आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) ने ठाणे जिले के ठाकुरली इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपये के इनामी माओवादी को गिरफ्तार किया है. आरोपी को झारखंड पुलिस ने वांटेड घोषित कर रखा था. महाराष्ट्र एटीएस को इंटेल मिला था कि वह ठाणे में छिपा हुआ है. इंटेल मिलते ही टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को दबोच लिया.
एटीएस के वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी मिली थी कि झारखंड पुलिस का वांटेड और 10 लाख रुपये का इनामी माओवादी ठाकुरली इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद संबंधित यूनिट को सूचना की तस्दीक करते हुए तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए. खुफिया सूचना की पुष्टि होने के बाद महाराष्ट्र एटीएस ने 45 वर्षीय संजय सरजू यादव उर्फ गोदाराम यादव को गिरफ्तार कर लिया.
माओवादियों के खिलाफ झारखंड में चल रहा है बड़ा मिशन
- अधिकारियों के अनुसार, आरोपी झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव का रहने वाला है. वह एक माओवादी संगठन की रीजनल कमेटी का सदस्य है.
- पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले करीब 10 दिनों से ठाकुरली इलाके में छिपकर रह रहा था. महाराष्ट्र एटीएस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी को झारखंड पुलिस के हवाले कर दिया. इसके बाद झारखंड पुलिस ने उसे औपचारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया.
- सेंट्रल एजेंसीज के साथ मिलकर झारखंड पुलिस ने माओवादियों के खिलाफ बड़ा मिशन छेड़ रखा है. इसी मिशन के तहत झारखंड पुलिस ने पूरे सूबे में सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया हुआ है.
- संजय सरजू यादव उर्फ गोदाराम यादव से पहले अक्टूबर में सुरक्षा बलों ने झारखंड में माओवादी संगठन के सब-रीजनल कमांडर कुंवर मांझी उर्फ सहदेव मांझी को मार गिराया था.
- वहीं, इसी साल जुलाई में रांची में रीजनल कमांडर संतोष महतो समेत 16 नक्सलियों ने सरेंडर किया था. इन सभी पर कुल 39 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
माओवादी नेटवर्क की बची हुई कडि़यों को तोड़ने में जुटे सुरक्षा बल
सुरक्षा बलों का फोकस अब माओवादी नेटवर्क की बची हुई कड़ियों को तोड़ने पर है. केंद्र और राज्य की एजेंसियां लगातार ऑपरेशन और सरेंडर अभियान चला रही हैं. इसी साल की शुरुआत में गृह मंत्री अमित शाह ने सिक्योरिटी ऑपरेशंस और बड़े पैमाने पर सरेंडर के बाद दावा किया था कि भारत काफी हद तक लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज्म यानी नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है.