- Hindi News
- National
- Shashi Tharoor Response To PM Modi On Rahul Gandhi Failed Product Statement
3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कांग्रेस सांसद शशि थरूर शुक्रवार को न्यूज चैनल के कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को भाजपा को सलाह दी। उन्होंने कहा कि भाजपा को राहुल गांधी को गंभीरता से लेना चाहिए, क्योंकि पिछले कुछ महीनों में राहुल ने युवा मतदाताओं में पॉपुलैरिटी हासिल की है।
थरूर एनडीटीवी वर्ल्ड समिट में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि भाजपा ने राहुल पर ध्यान दिया है, इसलिए वह उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
एक दिन पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने इसी कार्यक्रम में राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा था कि पता नहीं कब तक कांग्रेस अपने फेल प्रोडक्ट की लॉन्चिंग के लिए देश को दांव पर लगाती रहेगी।
प्रोग्राम में थरूर ने कांग्रेस से अलग विचार रखने पर भी बात की, लेकिन कहा कि वे पार्टी की नीतियों का पूरा समर्थन करते हैं।
थरूर बोले- अलग विचार रखना पार्टी की खिलाफत नहीं
थरूर ने पीएम मोदी के उस बयान पर भी आपत्ति जताई जिसमें पीएम ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी के कई सीनियर लीडर भी गांधी परिवार से अलग राय रखते हैं।
थरूर ने कहा- मैं मतदाताओं के एक वर्ग का प्रतिनिधित्व करता हूं, अपनी पार्टी के लिए एक नेता के तौर पर प्रचार करता हूं और विदेश मामलों की संसदीय समिति का अध्यक्ष भी हूं।
पिछले 6 मामले, जब थरूर ने राहुल का बचाव किया…
5 सितंबर 2016: RSS से जुड़े बयान पर राहुल का समर्थन
महात्मा गांधी की हत्या को लेकर राहुल गांधी के RSS संबंधी बयान का थरूर ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक साक्ष्य इस बात का समर्थन करते हैं कि नाथूराम गोडसे RSS से जुड़ा था। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हत्या के समय तक गोडसे और उसके सहयोगी RSS छोड़ चुके थे।
4 दिसंबर 2017: वंशवाद के आरोप पर भाजपा को जवाब
राहुल गांधी पर वंशवाद को लेकर भाजपा के हमले के जवाब में थरूर ने कहा कि भाजपा को पहले अपनी आंतरिक पार्टी व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने इसे दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने भीतर झांकने का मामला बताया।
17 मार्च 2023: लंदन में दिए बयानों पर माफी मांगने की जरूरत नहीं
राहुल गांधी के ब्रिटेन दौरे के दौरान भारतीय लोकतंत्र पर दिए गए बयानों को लेकर भाजपा माफी की मांग कर रही थी। थरूर ने कहा कि राहुल ने ऐसा कुछ नहीं कहा जिसके लिए उन्हें माफी मांगनी पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल ने विदेशी देशों से भारत के लोकतंत्र में हस्तक्षेप करने की अपील नहीं की थी।
20 मार्च 2023: संसद में राहुल को बोलने का मौका नहीं देने का आरोप
थरूर ने कहा कि सरकार राहुल गांधी को दोबारा सदन में बोलने का मौका नहीं देना चाहती, क्योंकि उनके बयान सरकार और उद्योगपतियों के संबंधों पर असहज सवाल उठाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल का मुद्दा उठाकर संसद में दूसरे सवालों पर चर्चा से बचा जा रहा है।
7 जून 2024: राहुल को लोकसभा चुनाव का ‘मैन ऑफ द मैच’ बताया
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद थरूर ने राहुल गांधी को ‘मैन ऑफ द मैच’ कहा। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल का लोकसभा में विपक्ष का नेता बनना सही साबित हुआ।
30 जनवरी 2026: राहुल को ईमानदार नेता बताया
थरूर ने कहा कि राहुल एक ईमानदार नेता हैं और सांप्रदायिकता, नफरत तथा विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ लगातार आवाज उठाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल के बारे में किसी अनुचित टिप्पणी से वह सहमत नहीं रहे हैं।
————————————–
ये खबर भी पढ़ें…
PM बोले-कुछ लोग विदेशों में भारत को बदनाम कर रहे: कांग्रेस कब तक अपने फेल प्रोडक्ट की लॉन्चिंग के लिए देश को दांव पर लगाती रहेगी

पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि दुनिया जहां नए ऑर्डर की तलाश में है। कुछ लोग भारत में डिसऑर्डर के सपने देख रहे हैं। कुछ लोग दुनिया में जाकर भारत को बदनाम कर रहे हैं। मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि पता नहीं कब तक कांग्रेस अपने फेल प्रोडक्ट की लॉन्चिंग के लिए देश को दांव पर लगाती रहेगी। पूरी खबर पढ़ें…
