Last Updated:
Delhi Crime News: देश की राजधानी दिल्ली में एक ऐसी घटना को अंजाम दिया गया है, जिससे पुलिस की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. अपराधियों में पुलिस का खौफ भी नहीं रह गया है. पिछले एक साल में बड़ी नकदी की लूट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
दिल्ली में दिनदहाड़े डेढ़ करोड़ रुपये की लूट हो गई. (फाइल फोटो)
Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर दिनदहाड़े हुई बड़ी लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में बुधवार दोपहर करीब 3 बजे दो बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक रियल एस्टेट कंपनी के कर्मचारियों से 1.5 करोड़ रुपये से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए. पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में अंजाम दी गई, जिससे पीड़ित कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
पुलिस के अनुसार, दोनों कर्मचारी पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित एक रियल एस्टेट कंपनी में कैशियर के तौर पर कार्यरत हैं. कंपनी के मालिक ने उन्हें 1.5 करोड़ रुपये नकद लेकर चांदनी चौक के कुचा घासीराम स्थित एक कारोबारी प्रतिष्ठान तक पहुंचाने का निर्देश दिया था. दोनों कर्मचारी बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे स्कूटर पर रकम लेकर रवाना हुए थे.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब दोनों कर्मचारी अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन से इंद्रलोक की ओर जा रहे थे, तभी लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे. दोनों ने लाल रंग के हेलमेट पहन रखे थे. बदमाशों ने पहले स्कूटर को ओवरटेक कर रास्ता रोका और फिर उनमें से एक ने पिस्टल निकालकर कर्मचारियों को धमकाया. इसके बाद कैश से भरा बैग छीन लिया गया.
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने विरोध करने या शोर मचाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से पंजाबी बाग की दिशा में फरार हो गए. घटना के तुरंत बाद कर्मचारियों ने अपने मालिक और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पीड़ितों के बयान दर्ज किए गए और जांच शुरू कर दी गई. पुलिस आसपास के इलाकों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों के भागने के रास्ते और पहचान का पता लगाया जा सके. मामले की जांच में जिला पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीमों को भी लगाया गया है. जांच एजेंसियों को आशंका है कि बदमाशों को नकदी के परिवहन की पूर्व जानकारी थी. इसी वजह से पुलिस अंदरूनी सूचना या किसी करीबी व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है.
गौरतलब है कि हाल के महीनों में चांदनी चौक, सराय रोहिल्ला, गुलाबी बाग, बाड़ा हिंदूराव और आसपास के व्यावसायिक इलाकों में लूट की कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं. मार्च में कीर्ति नगर से चांदनी चौक जा रहे दो कर्मचारियों से 50 लाख रुपये लूट लिए गए थे. वहीं पिछले वर्ष चांदनी चौक और लाहौरी गेट क्षेत्रों में भी करोड़ों रुपये और कीमती सामान की लूट की घटनाएं हुई थीं.
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने भीड़भाड़ वाले कारोबारी क्षेत्रों में बड़ी नकदी के सुरक्षित परिवहन को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
About the Author

बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें



