Last Updated:
दिल्ली के निहाल विहार इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महज कुछ अतिरिक्त छोले मांगने पर हुए विवाद में 35 वर्षीय कार चालक संदीप पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल संदीप ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी चिंटू गुप्ता को गिरफ्तार कर हत्या की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.
दिल्ली के निहाल विहार इलाके में अतिरिक्त छोले मांगने पर एक शख्स की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है. (एआई इमेज)
Delhi Crime News: दिल्ली में खाने को लेकर हुई मामूली कहासुनी का अंजाम इतना खौफनाक होगा, शायद किसी ने सोचा भी नहीं होगा. ठेले पर छोले-भटूरे खाने पहुंचे एक शख्स ने जब दुकानदार से थोड़े और छोले मांगे, तो बात बहस तक पहुंच गई. आरोप है कि गुस्से में आए दुकानदार ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. पेट सहित शरीर के कई हिस्सों पर चाकू लगने से शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया.
दो दिन तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया है. मामला दिल्ली के निहाल विहार इलाके का है. मृतक की पहचान 35 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है, जो पेशे से कार ड्राइवर था. पुलिस ने छोले-भटूरे बेचने वाले आरोपी चिंटू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है. संदीप की मौत के बाद केस में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं.
ज्वालापुरी इलाके की है दर्दनाक वारदात
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार को ज्वालापुरी नाले के पास हुई. यहां एक ठेले पर छोले-भटूरे बेचने वाले चिंटू गुप्ता और संदीप के बीच विवाद हो गया था. शुरुआती जांच में सामने आया कि संदीप ने दुकानदार से कुछ और छोले मांगे थे. इसी बात पर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई. संदीप के पिता बिजेंद्र सिंह का आरोप है कि भोजन को लेकर हुई मामूली बहस के दौरान दुकानदार ने उनके बेटे को गालियां दीं. इसके बाद उस पर चाकू से कई बार हमला किया गया. आरोप है कि हमले में संदीप के पेट समेत शरीर के कई हिस्सों को निशाना बनाया गया.
अस्पताल पहुंचा, लेकिन नहीं बच सकी जान
26 अक्टूबर को संदीप को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी. उसकी हालत बेहद गंभीर थी. पुलिस के अनुसार, संदीप को बयान देने के लिए अयोग्य घोषित किया गया था. ऐसे में पुलिस ने घटनास्थल और दूसरे सुरागों के आधार पर जांच शुरू की. संदीप को शुरुआती इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए पंजाबी बाग के महाराजा अग्रसेन अस्पताल में शिफ्ट किया गया. लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद मंगलवार को उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी चिंटू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया. बाद में अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
‘बस थोड़े और छोले मांगे थे, मेरा बेटा चला गया’
संदीप के पिता बिजेंद्र सिंह के लिए यह हादसा नहीं, जिंदगी भर का दर्द बन गया है. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे थे. कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने उनके बेटे को उठाने में मदद की थी. बिजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि इस हमले में तीन से चार लोग शामिल थे, जबकि अब तक केवल दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि उनके बेटे की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने दुकानदार से कुछ अतिरिक्त छोले मांग लिए थे. दो दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद बेटे की मौत हो गई.
पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया संदीप
निहाल विहार के राव विहार में रहने वाला संदीप अपने परिवार का सहारा था. उसके परिवार में पत्नी और चार साल व 10 साल के दो बेटे हैं. एक छोटी-सी बहस ने परिवार से उसका सहारा छीन लिया. संदीप के पिता ने मांग की है कि हत्या में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है.