Last Updated:
Rajasthan Crime News: अलवर में नौवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा से जुड़े मामले में पुलिस ने प्रथम सिंह राठौड़ को गिरफ्तार किया है. शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रा से संपर्क किया और बाद में कथित रूप से भावनात्मक दबाव बनाकर उसके साथ विश्वास कायम किया. आरोप है कि उसने छात्रा से लाखों रुपये के गहने लिए, बाद में उसे एक कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया तथा वीडियो बनाकर कथित रूप से ब्लैकमेल भी किया. छात्रा द्वारा परिजनों को जानकारी देने के बाद मामला दर्ज कराया गया. पुलिस ने POCSO सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, इंस्टाग्राम फ्रेंडशिप से शुरू हुआ सिलसिला
अलवर. अलवर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा को जाल में फंसाकर लाखों रुपये के गहने ऐंठने, ब्लैकमेल करने और दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता को जान से मारने और सुसाइड की धमकी देकर आरोपी उसका शोषण कर रहा था. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी प्रथम सिंह राठौड़ को सलाखों के पीछे भेज दिया है.
अरावली विहार थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, मामला अक्टूबर 2025 का है. पीड़िता जब पार्क में घूमने जाती थी, तब आरोपी प्रथम सिंह उसका पीछा करता था. विरोध करने पर आरोपी ने पढ़ाई में मदद करने का झांसा दिया और इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करवा ली. इसके बाद आरोपी छात्रा के घर के पास चक्कर काटने लगा और उसे चॉकलेट व गिफ्ट देकर अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों के जाल में फंसा लिया.
ब्लैकमेल कर ऐंठे 30 लाख के गहने
आरोपी ने धीरे-धीरे छात्रा को इमोशनल ब्लैकमेल करना शुरू किया और सुसाइड करने की धमकियां देकर उसके घर से करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने ऐंठ लिए. इसके बाद 12 जुलाई 2026 को आरोपी छात्रा को धोखे से अपने दोस्त के कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया. इस घटना के दौरान आरोपी ने अश्लील वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर और पैसों व गहनों की मांग करने लगा.
वैन ड्राइवर की मुस्तैदी से खुला राज
रेप के बाद आरोपी छात्रा पर दबाव बनाने के लिए 13 से 16 जुलाई के दौरान उसकी स्कूल वैन का पीछा करने लगा और बाइक से वैन के आगे स्टंट दिखाता रहा. वैन ड्राइवर ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और स्कूल प्रिंसिपल के पास ले गया. डर के साए में जी रही मासूम ने तब प्रिंसिपल और बाद में अपनी मां को रो-रोकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. थाना इंचार्ज गुरुदत्त सैनी ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी प्रथम सिंह राठौड़ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म, रंगदारी और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
About the Author

मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ें



