मेरठ के नीले ड्रम हत्याकांड में आज बुधवार को फैसला आएगा। पति सौरभ को टुकड़ों में काटकर ड्रम में भरने वाली मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को सजा सुनाई जाएगी।
.
जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा सजा सुनाने से दोनों को पहले अपना पक्ष रखने का आखिरी मौका भी देंगे।
30 सितंबर को कोर्ट ने मुस्कान और साहिल को सौरभ की हत्या का दोषी ठहराया था। कोर्ट ने माना था कि दोनों ने मिलकर सौरभ की हत्या की और शव के टुकड़े करके नीले ड्रम में छिपा दिए थे।
सौरभ राजपूत की हत्या 3 मार्च, 2025 को हुई थी। जुलाई 2025 में जिला जज की कोर्ट में ट्रायल शुरू हुआ था। पुलिस ने एक हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी।
सौरभ की मां ने कहा-
मेरे बेटे के हत्यारों को फांसी नहीं हुई तो हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। न्याय की लड़ाई का अंत तभी होगा, जब मुस्कान-साहिल को फांसी दी जाएगी। तभी सौरभ की आत्मा को शांति मिलेगी।


इसी नीले ड्रम में सौरभ की हत्या के बाद मुस्कान और साहिल ने उसके शव के टुकड़े पैक किए थे।
जज बोले- आप दोनों ने ही सौरभ की हत्या की थी
30 सितंबर को हुई सुनवाई में जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा ने कहा था- सबूतों से साबित होता है कि मुस्कान और साहिल ने मिलकर सौरभ की हत्या की। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को नीले ड्रम में भर दिया।
जज ने कहा-
ऐसे अपराधों से समाज में डर और असुरक्षा पैदा होती है। इसका असर लोगों की सोच पर पड़ता है। अपराध बढ़ना चिंता की बात है। न्याय व्यवस्था की जिम्मेदारी लोगों में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखना है। कोर्ट को अपराध और आरोपी को सजा देने के साथ आरोपी के अधिकारों और समाज के हितों का भी ध्यान रखना होता है।

मुस्कान-साहिल केस का ट्रायल तत्कालीन जिला जज रजत जैन के कार्यकाल में शुरू हुआ था। उनके ट्रांसफर के बाद संजीव कुमार जिला जज बने। अब उनके ट्रांसफर के बाद जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा इस मामले में सजा सुनाएंगे।
22 गवाहों के बयान, कोर्ट ने दोनों को दोषी माना
इस मामले में अब तक 22 गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, गवाहों की गवाही और अन्य सबूतों के आधार पर मुस्कान और साहिल को दोषी ठहराया गया। जांच में सामने आया कि हत्या से पहले चाकू, उस्तरा, सीमेंट, बालू और नीला ड्रम खरीदा गया था।
पुलिस और फोरेंसिक टीम की गवाही में घटनास्थल से मिले सबूतों का ब्योरा दिया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी धारदार हथियारों से चोट लगने की पुष्टि हुई। इन सबूतों के आधार पर कोर्ट ने दोनों को सौरभ की हत्या का दोषी करार दिया था।
मुस्कान ने कैसे सौरभ का मर्डर किया, पढ़िए

साहिल और मुस्कान की गिरफ्तारी के बाद 18 मार्च, 2025 को दोनों को पुलिस सामने लाई थी।
- लंदन से लौटे सौरभ कुमार राजपूत की पत्नी मुस्कान ने 3 मार्च, 2025 को हत्या कर दी। आरोप है कि बॉयफ्रेंड साहिल शुक्ला उर्फ मोहित ने उसका साथ दिया। पहले खाने में दवा मिलाकर सौरभ को बेहोश किया, फिर सोते समय मुस्कान ने उसके सीने में चाकू मारा।
- हत्या के बाद शव बाथरूम में ले जाया गया। वहां साहिल ने सिर और दोनों हाथ धड़ से अलग किए। टुकड़ों को प्लास्टिक के ड्रम में डालकर सीमेंट का घोल भर दिया। परिवार और पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए मुस्कान शिमला-मनाली घूमने चली गई।
- 13 दिन तक मुस्कान इंस्टाग्राम पर फोटो-वीडियो डालती रही, ताकि लोग समझें कि वे घूम रहे हैं। 18 मार्च को सौरभ का छोटा भाई राहुल घर पहुंचा। उसने मुस्कान को साहिल के साथ देखा। भाई के बारे में पूछने पर मुस्कान जवाब नहीं दे सकी।
- घर से बदबू आने पर राहुल ने शोर मचाया और पड़ोसी जुट गए। पुलिस पहुंची तो हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस कस्टडी में मुस्कान और साहिल ने कथित तौर पर वारदात की पूरी कहानी बताई।
अब पढ़िए 12 गवाहों की गवाही…

पुलिस ने मुस्कान को 18 मार्च को अरेस्ट किया था। फिर टीम बॉडी पार्ट ढूंढती हुई सौरभ के घर पहुंची थी।
1. मुस्कान और साहिल ने मेरे भाई को मारा: सौरभ के भाई बबलू राजपूत की कोर्ट में 8 बार गवाही हुई। उसने कहा- मेरे भाई से मेरी बात नहीं हो पा रही थी। 17 मार्च को किसी ने बताया कि भाई की बॉडी उसके घर में पड़ी है। जब मैं गया तो वहां एक लाश थी, जो मेरे छोटे भाई सौरभ की थी। हत्या मेरे भाई की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल ने की थी।
2. लाश को नीले ड्रम में छिपाया गया: हेड मोहर्रिर बृजेश कुमार ने कहा- केस की मैंने तहरीर लिखी थी। ब्रह्मपुरी में एक घर में नीले रंग के ड्रम में लाश मिली थी। इसके बाद मृतक सौरभ के भाई राहुल ने तहरीर (शिकायत) लिखवाई थी। इसमें मुस्कान के अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या करने की बात सामने आई थी।
3. मुस्कान ने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे को मार डाला
- मां रेणू राजपूत ने बताया- मेरे छोटे बेटे सौरभ को मुस्कान रस्तोगी से प्यार हो गया था। हमारे बार-बार मना करने के बावजूद सौरभ ने मुस्कान से शादी कर ली। शादी के बाद मुस्कान ससुराल में रहती थी, लेकिन उसका रवैय्या बहुत खराब था। वो सौरभ का बिल्कुल ख्याल नहीं रखती थी। वो हमारे पूरे परिवार से लड़ती थी।
- शादी से पहले भी मुस्कान, साहिल से मिलती-जुलती रहती थी। जब सौरभ लंदन चला गया, तब भी मुस्कान और साहिल अक्सर मिलते थे। एक बार मुस्कान घर छोड़कर चुपचाप अपने प्रेमी साहिल के साथ कहीं चली गई थी। बाद में उसे पुलिस की मदद से तलाश कराया था। तब भी सौरभ ने मुस्कान को साहिल से दूर रहने के लिए कहा था। लेकिन, वो नहीं मानी। मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर मेरे बेटे को मार डाला।
4. दोस्त सौरभ ने कहा- मैंने साहिल को देखा
- राजपूत के दोस्त सौरभ ने बताया- मैं ब्रह्मपुरी में रहता हूं। सौरभ राजपूत को मैं जानता हूं। मेरा घर भी उसी गली में है।
- मैंने 3 मार्च की रात आगे की गली में रहने वाले साहिल को सौरभ के यहां रात में जाते हुए देखा था। उस दिन घर पर सौरभ और मुस्कान थे। रात को साहिल भी मुस्कान के घर गया था।
- 17 मार्च को हमें पता चला कि साहिल-मुस्कान ने मिलकर सौरभ की हत्या कर दी है। उसकी डेडबॉडी उसी घर में नीले ड्रम में मिली। वहां काफी पुलिस भी आई थी।
5. मुस्कान-साहिल बालू-सीमेंट ले गए थे: बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारी आशू ने बताया- मेरी शारदा रोड पर बालू-सीमेंट बेचने की दुकान है। मेरे यहां एक लड़का-लड़की ई-रिक्शा में आए थे। उन्होंने मुझसे 1 बोरी बालू और 2 बोरी सीमेंट खरीदा। उसे रिक्शा में लेकर गए थे। मुझे नहीं पता था कि ये लोग सीमेंट-बालू क्यों ले जा रहे? नॉर्मल कस्टमर की तरह मैंने उनको सीमेंट, बालू बेचा था, जिसकी डिटेल भी मेरे पास है।
6. मैंने सिर्फ बुखार-सिरदर्द की दवाएं लिखीं: डॉ. अरविंद ने कहा- मुस्कान मेरे पास चेकअप कराने आई थी। उसने मुझे बताया कि उसे बुखार है, मन अच्छा नहीं लग रहा। तब मैंने उसे अपने पर्चे पर दवाएं लिखकर दी थी। इसमें मैंने बुखार और सिरदर्द की दवाएं लिखी थीं। मैंने अपने पर्चे में कहीं भी नशे की दवा मिजोलम नहीं लिखी थी। जो मुस्कान ने दवा दुकान से खरीदा, वो दवाएं मैंने नहीं लिखी थी।

यह तस्वीर 28 फरवरी 2025 की है, जब पीहू का जन्मदिन था। सौरभ इसमें मुस्कान के साथ डांस करता हुआ दिख रहा है।
7. ड्रम में सिरकटी लाश थी: ड्रम काटने वाले अशोक ने कोर्ट में बताया कि ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने उन्हें सूचना देकर बुलाया था। पुलिसकर्मी उन्हें मेडिकल अस्पताल की मोर्चरी ले गए, जहां एक नीला ड्रम रखा था। पुलिस ने उनसे ड्रम काटने को कहा।
अशोक ने बताया कि उन्होंने पहले ड्रम का ढक्कन खोलने की कोशिश की, लेकिन वह जाम था। इसके बाद उन्होंने ड्रम को लंबाई में काटना शुरू किया। पुलिस की मौजूदगी में ड्रम काटने पर उसके अंदर जमा हुआ सीमेंट मिला। उन्होंने बताया कि सीमेंट के अंदर तकिए के दो खोल और शव के अवशेष मिले। साथ ही उस्तरा और चाकू भी मिला।
8. तीन टुकड़ों में मिली थी सौरभ की लाश: पंचनामा भरने वाले दरोगा धर्मेंद्र गौड़ ने बताया- प्लास्टिक के नीले ड्रम के अंदर एक युवक की सीमेंट में जमी लाश मिली थी। ड्रम को लेबर से कटवाया था। जिसके अंदर 3 टुकड़ों में सौरभ की लाश मिली थी। लगातार सीमेंट में दबे रहने से लाश जगह-जगह से सफेद हो चुकी थी।
9. काफी बेरहमी से हत्या की गई: पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर ने कहा- नीले ड्रम के अंदर से सौरभ नाम के लड़के की लाश निकली थी। हाथ, कलाई, सिर कटा हुआ था। एक तरफ धड़ था। सौरभ के शरीर पर चाकू से 3 बार वार किया गया था। उसके निशान थे। उसकी बॉडी में नशीला पदार्थ (कुछ खाना) निकला था। जो मरने से पहले खाया गया था। उसकी बड़ी बेरहमी से हत्या की गई थी।
10. दोनों दोबारा घूमने जाने के लिए कह रहे
कैब ड्राइवर अजब सिंह ने बताया-
- दोनों ने यात्रा के दौरान शराब भी पी थी। मुझे नहीं पता था कि ये दोनों सौरभ की हत्या करके मेरे साथ घूमने आए हैं। मैंने उनको मेरठ में वापस ड्रॉप किया था।
- इसके बाद 19 मार्च को मैंने अखबार में सौरभ हत्याकांड की खबर पढ़ी। मुस्कान-साहिल की तस्वीर लगी थी, तब मुझे पता चला कि ये दोनों तो वहीं हैं जो मेरी कैब में पिछले 10 दिनों तक घूमे थे।
11. मैंने ही कॉल डिटेल रिपोर्ट दी थी: रिलायंस जियो इंफोकॉन लिमिटेड के अल्टरनेट नोडल अफसर लोकेश कुमार ने बताया- पुलिस की तरफ से हमसे कुछ नंबरों की कॉल डिटेल मांगी गई थी। इस कॉल डिटेल की रिपोर्ट और मोबाइल लोकेशन हमने दी थी। ये बातचीत मुस्कान और साहिल के बीच की है। साथ ही सौरभ की भी कॉल डिटेल उसमें शामिल है।