दिल्ली के संगम विहार में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पति-पत्नी के रिश्ते पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. इंदौर की सोनम रघुवंशी, कानपुर की मुस्कान और फिर पुणे की सिया गोयल… इन तीनों के कारनामों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया था, लेकिन संगम विहार की मंजू ने बेरहमी में इन तीनों का ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है. पुलिस ने उसे अपने 55 वर्षीय पति की हत्या करने के जर्मु में गिरफ्तार किया है. आरोप है कि आर्थिक तंगी, घर में बार-बार झगड़े और पति की मारपीट से परेशान होकर पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और इसके लिए पांच लाख रुपये में सुपारी देने का सौदा किया. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मंजू उर्फ नाजिया और उसके साथी चमन को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, आरोपी को पनाह देने के आरोप में किशन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है.
सुबह सड़क किनारे खून से लथपथ मिला था पति
यह मामला 10 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे सामने आया. रतिया मार्ग पर मुन्ना लाल गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़े मिले. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
शुरुआती तौर पर मामला लूट या चोरी के दौरान हत्या का लग रहा था. लेकिन पुलिस को घटनास्थल की जांच के दौरान कुछ ऐसी चीजें मिलीं, जिन्होंने पूरी कहानी पर शक पैदा कर दिया.
घर में घुसा नकाबपोश, CCTV ने खोला राज
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर खून के निशान मिटाने और वारदात को चोरी का रूप देने की कोशिश की गई थी. जांच टीम ने इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तो एक महिला और एक शख्स की गतिविधियां संदिग्ध लगीं.
फुटेज में रात करीब 1:45 बजे एक नकाबपोश व्यक्ति घर में दाखिल होता दिखाई दिया. करीब 3:15 बजे वह घर से बाहर निकलता नजर आया. इस फुटेज ने पुलिस को हत्या की साजिश की दिशा में जांच आगे बढ़ाने में मदद की.
तकनीकी जांच और पूछताछ के बाद पुलिस का दावा है कि वारदात के पीछे कोई अज्ञात लुटेरा नहीं, बल्कि मृतक के करीबी लोगों की कथित भूमिका सामने आई.
नींद की गोलियां खिलाईं, फिर लगाया करंट
पुलिस के अनुसार, घर की आर्थिक तंगी और इस कारण बार-बार होने वाले झगड़े से तंग आकर मुन्ना लाल की पत्नी ने उसकी हत्या की साजिश रची. आरोप है कि पहले मुन्ना लाल को नींद की गोलियां दी गईं, ताकि वह विरोध न कर सके. इसके बाद कथित तौर पर उसे करंट लगाया गया और फिर उसका गला घोंट दिया गया.
पुलिस का दावा है कि आरोपी ने लकड़ी के डंडे से भी उस पर हमला किया. गंभीर चोटों के बाद मुन्ना लाल को सड़क पर छोड़ दिया गया और घटना को चोरी का रूप देने की कोशिश की गई.
5 लाख में मर्डर की डील
जांच में पुलिस के सामने एक और चौंकाने वाली बात आई. पुलिस का दावा है कि चमन ने 5 लाख रुपये की सुपारी ली थी. आरोप है कि वारदात के दौरान उसे 20 हजार रुपये दिए गए थे.
पुलिस ने जांच के दौरान 15 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं. अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बाकी रकम का लेनदेन कब, कहां और किसके जरिए हुआ.



