मध्य प्रदेश में ग्वालियर में एक 14 साल के एक लड़के ने अपने ही पिता पर कुकर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बच्चे की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इससे पहले आरोपी हैवान बाप बेटी से दुष्कर्म के मामले में भी जेल जा चुका है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में एक पिता द्वारा अपने ही 14 वर्षीय नाबालिग बेटे के साथ कथित तौर पर कुकर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी इससे पहले भी अपनी ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है। वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
जानकारी के अनुसार, लड़के के माता-पिता के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था और 14 साल से एक-दूसरे से अलग रह रहे हैं। आरोप है कि पत्नी के काम पर जाने के बाद आरोपी राजीनामे की बात कहकर घर पर पहुंचा और बेटे को कमरे में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। वारदात के बाद वह बेटे को इस बारे में किसी को कुछ भी बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दे गया। मां के घर लौटने पर डरे-सहमे बेटे ने मां को रोते हुए आपबीती सुनाई।
पॉक्सो सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज
इसके बाद मां लड़के को साथ लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंची, जहां पुलिस ने बेटे के बयान पर आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पति-पत्नी के बीच कोर्ट में चल रहा है केस
पीड़ित बच्चे की मां ने बताया कि वह घरों में झाड़ू-पोछा का काम करती है और उसका पति पिछले 14 साल से उससे अलग रह रहा है। दोनों के बीच कोर्ट में केस भी चल रहा है। सुबह करीब 7 बजे वह काम पर गई थी। इसी दौरान उसका पति घर पहुंचा और बेटे से कहा कि उसकी मां से राजीनामे की बात हो गई है। इसके बाद वह बेटे को कमरे के अंदर ले गया और उसके साथ कथित तौर पर कुकर्म किया। आरोपी ने जाते समय बेटे को धमकी दी कि अगर उसने मां या किसी और को कुछ बताया तो उसे जान से मार देगा। बच्चे की मां जब बाजार से घर लौटी तो बेटा रो रहा था और उसने खाना भी नहीं खाया था। इसके बाद से वह गुमसुम और डरा-सहमा रहने लगा। मां ने उसे प्यार से पास बैठाकर पूछा और भरोसा दिलाया तो बेटा बिलखकर रोने लगा और उसने पिता की गंदी करतूत के बारे में मां को बताया। इसके बाद मां अपने बेटे को लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंची और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
बहोड़ापुर थाना टीआई आलोक परिहार ने बताया कि पीड़ित की मां की शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ कुकर्म, पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
रिपोर्ट – अमित कुमार



