Homeअपराधपीरियड्स की शर्म को हथियार बना ड्रग्‍स सप्‍लाई करती थी, पुलिस चेकिंग...

पीरियड्स की शर्म को हथियार बना ड्रग्‍स सप्‍लाई करती थी, पुलिस चेकिंग में भी बच निकली; फिर ऐसे दबोची गई


समाज में मासिक धर्म यानी पीरियड्स को लेकर आज भी जो झिझक और खामोशी है, उसी सामाजिक शर्म को एक महिला तस्कर ने अपनी सबसे बड़ी ढाल बना लिया. पुलिस चेकिंग और सुरक्षाकर्मियों की नजरों से बचने के लिए उसने एक ऐसा घिनौना तरीका निकाला जिसकी कल्पना भी कोई आम इंसान नहीं कर सकता. वह अपने प्राइवेट पार्ट के अंदर इस्तेमाल होने वाले पीरियड्स कप (मेंस्ट्रुअल कप) में लाखों रुपये की नशीली दवा MDMA सील करके भरती और आराम से सुरक्षा घेरों को चकमा देकर निकल जाती. बस में हुई चेकिंग के दौरान भी जब पुलिस उसकी इस शातिराना चाल को नहीं पकड़ पाई, तो उसके हौसले और बुलंद हो गए. उसे लगा कि उसका यह सीक्रेट प्लान कभी नाकाम नहीं होगा लेकिन केरल आबकारी विभाग की तेज तर्रार नजरों से वह ज्यादा देर बच नहीं सकी. आबकारी टीम ने ऑपरेशन थंडर के तहत जाल बिछाकर इस हाई-प्रोफाइल तस्करी का पर्दाफाश करते हुए महिला को रंगे हाथों धर दबोचा.

केरल आबकारी विभाग ने ऑपरेशन थंडर के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स तस्करी के बेहद अजीबोगरीब और खतरनाक मामले का भंडाफोड़ किया है. आबकारी विभाग की टीम ने मेंस्ट्रुअल कप में लाखों रुपये मूल्य की सिंथेटिक ड्रग MDMA छिपाकर तस्करी करने के आरोप में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान सरिता (30) और उसके साथी मोहम्मद शफी (29) के रूप में हुई है. आबकारी अधिकारियों ने इनके पास से कुल 94.032 ग्राम MDMA बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है.

आबकारी विभाग के अनुसार, दोनों आरोपी बेंगलुरु से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ खरीदते थे और एरनाकुलम व अलाप्पुझा के विभिन्न लॉज में कमरे किराए पर लेकर वहां से ड्रग्स की सप्लाई करते थे. गुप्त सूचना के आधार पर आबकारी टीम पिछले कुछ हफ्तों से उन पर नजर रख रही थी. कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने सबसे पहले मोहम्मद शफी को साउथ एरनाकुलम के एक लॉज से हिरासत में लिया, जहां से 65.27 ग्राम MDMA बरामद की गई.

शरीर में छुपाया नशा
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला सरिता ने चेकिंग से बचने के लिए मेंस्ट्रुअल कप में MDMA भरी और उसके एक सिरे को गोंद से सील कर अपने शरीर के भीतर छिपा लिया. बेंगलुरु से बस यात्रा के दौरान जब कन्नूर जिले के इरिट्टी में जांच की गई, तो शफी ने अपनी ड्रग्स फेंक दी, लेकिन सरिता के पास छिपाया गया नशीला पदार्थ तलाशी के दौरान नहीं पकड़ा जा सका. इसके बाद दोनों बाकी बची ड्रग्स बेचने के इरादे से एरनाकुलम पहुंचे थे.

लौटने पर अरेस्‍ट
जब आबकारी अधिकारियों ने एरनाकुलम में उनके कमरे पर छापेमारी की, तब सरिता ड्रग्स बेचने के लिए अलाप्पुझा जा चुकी थी. अधिकारियों ने उसके लौटने का इंतजार किया और रात करीब 10:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि बिक्री के लिए रखी गई कुछ MDMA अलाप्पुझा के एक घर में रखी थी. इसके बाद की गई तलाशी में 28.76 ग्राम अतिरिक्त MDMA बरामद हुई. कुल मिलाकर आबकारी विभाग ने 94.032 ग्राम MDMA, एक मोबाइल फोन और बिक्री से प्राप्त 17,770 रुपये जब्त किए हैं.

4 हजार प्रति ग्राम में बेचते थे
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी 4,000 रुपये प्रति ग्राम की दर से MDMA बेच रहे थे. सरिता पहले होम नर्स के रूप में काम करती थी, जबकि मोहम्मद शफी इंटीरियर डिजाइनर के रूप में कार्यरत था. आबकारी अधिकारियों ने उन लोगों की पहचान भी कर ली है जिन्होंने इस गिरोह से ड्रग्स खरीदी थी और वे फिलहाल निगरानी में हैं. यह कार्रवाई एरनाकुलम आबकारी निरीक्षक आर. अभिराज और उनकी टीम के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन थंडर’ के तहत की गई.

सवाल-जवाब

केरल में मेंस्ट्रुअल कप में छिपाकर MDMA ले जा रही महिला को किसने गिरफ्तार किया?

केरल आबकारी विभाग की विशेष टीम ने ‘ऑपरेशन थंडर’ के तहत इस महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया.

मेंस्ट्रुअल कप में ड्रग्स छिपाकर तस्करी करने वाली महिला आरोपी का क्या नाम है?

आरोपी महिला का नाम सरिता (30) है, जो अलाप्पुझा की रहने वाली है और पहले होम नर्स का काम करती थी.

आबकारी विभाग ने आरोपियों के पास से कितनी मात्रा में MDMA बरामद की है?

आबकारी विभाग ने कुल 94.032 ग्राम MDMA जब्त की है, जिसकी कीमत लाखों रुपये है और इसे 4,000 रुपये प्रति ग्राम में बेचा जा रहा था.

यह कार्रवाई किस विशेष अभियान के तहत की गई और इसका नेतृत्व किसने किया?

यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन थंडर’ के तहत एरनाकुलम आबकारी निरीक्षक आर. अभिराज और उनकी टीम द्वारा की गई.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments