मुंबई. महाराष्ट्र के नांदेड के इटवारा इलाके में पिछले साल हुई दिल दहला देने वाली ऑनर किलिंग की घटना आज भी लोगों के जेहन में ताजा है. 25 नवंबर 2025 को 19 वर्षीय सक्षम ताते की उसकी प्रेमिका आंचल मामिदवार से अंतरजातीय प्रेम संबंध के कारण बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. लड़की के पिता गजानन मामिदवार और भाइयों हिमेश व साहिल पर आरोप है कि उन्होंने सक्षम को शादी की बात करने के बहाने घर बुलाया. मेहमान की तरह चाय पिलाई और फिर उस पर गोलियां चलाकर, फिर सिर पर फरसा और पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी. इस वारदात ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर दिया था.
जब आंचल ने किया था एक वादा
इस घटना के बाद सबसे ज्यादा चर्चा में रही वह तस्वीर और वीडियो आया था, जिसमें सक्षम की प्रेमिका आंचल फूट-फूट कर रोती हुई नजर आई थी. आंचल ने सक्षम के शव से ही शादी की रस्में निभाईं. सक्षम की बॉडी घर लाने के बाद दोनों के शरीर पर हल्दी लगाई गई, आंचल ने अपने माथे पर सक्षम के नाम का कुमकुम भरा और सबके सामने कहा कि उसने सक्षम से शादी कर ली है. उसने कहा था कि भले ही सक्षम अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उनका प्यार जिंदा है. आंचल ने यह वादा भी किया था कि वह जीवनभर सक्षम के घर में उसकी बहू बनकर रहेगी और उसके परिवार का ख्याल रखेगी. उसने अपने ही पिता और भाइयों पर सक्षम की हत्या का आरोप लगाते हुए मांग की थी कि उन्हें मौत की सजा दी जाए.
सक्षम की मौत के 7 महीने बाद बदली तस्वीर
लेकिन लगभग 6 से 7 महीने बाद तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है. जिस आंचल ने सक्षम की लाश से शादी कर हमेशा ससुराल में रहने की कसम खाई थी, वह अब उस घर को छोड़कर जा चुकी है. सक्षम के घर में हालात इतने बदल गए हैं कि पूरा परिवार ही बिखर गया है. नांदेड़ में हुए इस ऑनर किलिंग कांड ने ताते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया.
सक्षम की मां का क्या है कहना?
सक्षम की मां संगीता ताते ने हाल ही में एक मराठी अखबार से बात करते हुए अपने टूटे हुए घर की दर्दनाक कहानी बयां की है. संगीता के मुताबिक, जब सक्षम की हत्या हुई थी तब आंचल उनके साथ खड़ी थी. उस समय आंचल ने उनसे कहा था कि मम्मी, अब मैं सक्षम की जगह आपका बेटा हूं. मैं आपके साथ रहूंगी, आपका ख्याल रखूंगी. इसके बाद आंचल करीब साढ़े 3 महीने तक ताते परिवार के साथ ही रही.
एक दिन अचानक कहां चली गई आंचल
संगीता बताती हैं कि एक दिन अचानक आंचल ने कहा कि उसकी दादी की तबीयत बहुत खराब है और वह उनसे मिलने जाना चाहती है. आंचल का मायका वहां से थोड़ी दूरी पर ही है, इसलिए संगीता खुद उसे उसकी दादी के घर छोड़कर आईं. आंचल उस दिन गई, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटी. जाने से पहले वह सोशल मीडिया के जरिए अपने चाचा और रिश्तेदारों से लगातार संपर्क में थी. संगीता कहती हैं कि उन्होंने आंचल पर किसी भी तरह की रोक-टोक नहीं लगाई, न ही उसके फोन या बातचीत पर कोई सवाल उठाया. लेकिन दादी के घर जाने के बाद आंचल ने ताते परिवार से पूरी तरह नाता तोड़ लिया और अब तक लौटकर नहीं आई है. फिलहाल संगीता ताते का आंचल से कोई संपर्क नहीं है.
सक्षम के पिता की सदमे से हुई मौत
इसी बीच, सक्षम के पिता की भी हालत बिगड़ने लगी। बेटे की दर्दनाक मौत के सदमे और लगातार तनाव के कारण उनकी BP की समस्या बढ़ गई. लगभग 3 महीने पहले सक्षम के पिता का भी निधन हो गया. एक साल के भीतर पहले बेटे की ऑनर किलिंग, फिर बहू जैसे अपनाई गई आंचल का घर छोड़कर चले जाना और अब पति की मौत इन सब घटनाओं ने संगीता ताते को अंदर से तोड़ दिया है. वह अब घर में बिल्कुल अकेली रह गई हैं और हर पल उन्हें अपने बेटे सक्षम की याद सताती है.
नांदेड़ के इस ऑनर किलिंग केस ने सिर्फ एक युवा प्रेमी की जान नहीं ली, बल्कि पूरे परिवार को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है. सक्षम की लाश से शादी कर देशभर में सुर्खियां बटोरने वाली आंचल, जो कभी ताते परिवार के लिए सहारा बनकर आई थी. अब उनके जीवन से दूर जा चुकी है. उधर, सक्षम के पिता की मौत और मां संगीता की बिगड़ती हालत ने इस कहानी को और भी ज्यादा दर्दनाक बना दिया है. इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर दिखा दिया कि जाति और इज्जत के नाम पर की गई ऑनर किलिंग न सिर्फ एक जिंदगी छीन लेती है, बल्कि कई जिंदगियों को हमेशा के लिए उजाड़ देती है.



