Last Updated:
Places to Visit in Bahraich: उत्तर प्रदेश का बहराइच जिला और उसके आस-पास के इलाके पर्यटन के लिहाज से बेहद खूबसूरत और ऐतिहासिक हैं. यहां कतर्नियाघाट के घने जंगलों से लेकर नेपाल बॉर्डर की सैर और शांत बौद्ध स्थलों तक, घूमने के लिए कई बेहतरीन विकल्प मौजूद हैं. अगर आप भी वीकेंड पर या छुट्टियों में अपने परिवार के साथ कम खर्चे में शानदार पिकनिक मनाने का प्लान बना रहे हैं, तो बहराइच के ये 8 टॉप टूरिस्ट स्पॉट्स आपके सफर को यादगार बना देंगे. आइए जानते हैं इन जगहों की खासियत और यहां पहुंचने की पूरी डिटेल.
अगर आप पूरे दिन का समय निकाल रहे हैं, तो आपके लिए बहराइच के कतर्नियाघाट वाइल्डलाइफ जंगल में बना हुआ घड़ियाल सेंटर बेहद बेस्ट ऑप्शन होगा. यहां पर आप जाकर जंगल की हसीन वादियों में अपना समय बिता सकते हैं और घड़ियाल सेंटर में घड़ियाल के बच्चों को भी देख सकते हैं. इसके अलावा आप चाहें तो यहां पर बोट राइडिंग और जिप्सी सफारी भी कर सकते हैं, जिसका शुल्क भी बहुत अधिक नहीं रखा गया है.

बहराइच जिले से लगभग 45 किलोमीटर दूर श्रावस्ती जिले में घूमने के कई बेहतरीन स्थान बने हुए हैं. यहां भी आप पूरे दिन का प्लान बनाकर जा सकते हैं. यहां पर आपको अंगुलिमाल डाकू की गुफा, बुद्ध टेंपल, भगवान बुद्ध की एक बड़ी सी प्रतिमा और भी कई चीजें बड़ी आसानी से देखने को मिल जाती हैं, जहां देश-विदेश से भी लोग घूमने आते हैं. यहां पर कई ध्यान केंद्र भी बने हुए हैं, जो पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बने रहते हैं.

अगर आप कम खर्चे में अधिक आनंद लेना चाहते हैं, तो बहराइच जिले में हाल-फिलहाल में खुला हुआ वॉटर पार्क आपके लिए सबसे बेस्ट ऑप्शन होगा. यहां आप जाकर अपनी फैमिली के साथ वॉटर पार्क का पूरा आनंद उठा सकते हैं. यहां पर कई तरह के झूले, स्विमिंग पूल, स्लाइडर और भी कई चीजें मौजूद हैं. यह वॉटर पार्क शहर से मात्र 7 से 8 किलोमीटर की दूरी पर ही बलरामपुर रोड पर स्थित है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

बहराइच जिले से करीब 7 से 8 किलोमीटर दूर गोंडा राजमार्ग पर बना हुआ महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल और चित्तौरा झील अब बहराइच जिले के लिए एक बड़ा पिकनिक स्पॉट बन चुका है. यहां हाल-फिलहाल में कई नए निर्माण कार्य भी कराए गए हैं. यहां पर आपको सुंदर नजारा, शांत वातावरण और झील के किनारे बैठकर फोटो लेने का एक अलग ही आनंद मिलेगा. इसके अलावा बच्चों के झूलों समेत यहां तमाम चीजें बनाई गई हैं, जहां जाने के लिए आपको मात्र ₹10 का एंट्री शुल्क खर्च करना पड़ेगा.

बहराइच जिले से लगभग 13 किलोमीटर दूर बहराइच-नानपारा हाईवे के किनारे एक सुंदर पार्क बना हुआ है, जो स्वर्ण जयंती पार्क के नाम से प्रसिद्ध है. यहां मात्र ₹10 का टिकट देकर आप अपना पूरा दिन आराम से बिता सकते हैं. बहराइच में रहने वाले लोग अक्सर यहां जाकर अपना समय बिताते हैं. यहां लगे सुंदर पेड़-पौधे और हरियाली के बीच बैठकर मन को बहुत शांति मिलती है और एक बेहतरीन वातावरण का एहसास होता है.

वैसे तो बहराइच जिले में बहुत सारे रेस्टोरेंट बने हुए हैं, लेकिन बहराइच का प्रसिद्ध लेजर रिजॉर्ट किसी पिकनिक स्पॉट से कम नहीं है. शाम के समय अधिकांश लोग यहां पहुंचकर इसकी खूबसूरती का लुत्फ उठाते हैं. यहां मात्र ₹100 की एंट्री टिकट के साथ आपको मुफ्त में स्नैक्स का स्वाद भी मिलता है. यहां का शानदार स्विमिंग पूल, सेल्फी पॉइंट, हरी-भरी घास और पेड़-पौधों का नजारा आपका मन प्रसन्न कर देगा और आपका वहां से वापस आने का मन नहीं करेगा.

वहीं, अगर आप पूरे दिन का प्लान बना रहे हैं, तो सुबह उठते ही सीधे बहराइच जिले के रुपईडीहा बॉर्डर के लिए निकल जाइए और एंट्री कर जाइए नेपाल देश में. यहां आप सुबह से शाम तक का अपना समय बहुत अच्छे से बिता सकते हैं और शाम को वापस अपने घर भी आ सकते हैं. यहां पर सुंदर वॉटर पार्क, घूमने के लिए बहुत सारे पार्क, मंदिर और भी कई चीजें हैं, जहां आप कम खर्चे में ‘विदेश वाली फीलिंग’ का पूरा आनंद ले सकते हैं.

बहराइच और सीतापुर जिले के बॉर्डर पर स्थित चेलहारी घाट पुल भी किसी पिकनिक स्पॉट से कम नहीं है, जिसकी लंबाई लगभग 3.26 किलोमीटर है. लोग यहां पर सुबह और शाम के समय सुंदर तस्वीरें और सेल्फियां लेने जाते हैं, साथ ही यहां चलने वाली ताजी और ठंडी हवाओं का लुत्फ उठाते हैं. यह पुल इतना बड़ा है कि इसे पार करने में ही अच्छा-खासा समय लग जाता है. इसके अलावा यहां घूमने जाने वाले लोग भुट्टा और बाटी-चोखा खाकर आनंद लेते हैं, तो अगर आप भी यहां जाएं, तो ‘बिहारी बाबू’ की मशहूर बाटी खाना बिल्कुल न भूलें.



